मिठौरा मण्डल में हिन्दू सम्मेलन का भूमि पूजन एवं जागरूकता रैली भव्य रूप से हुआ सम्पन्न

 

महराजगंज जनपद के थाना पनियरा में समस्त हिन्दू समाज को संगठित करने तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से पनियरा क्षेत्र के मिठौरा मण्डल में हिन्दू सम्मेलन के अंतर्गत आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम एवं विशाल मोटरसाइकिल जागरूकता रैली अत्यंत भव्य, अनुशासित एवं ऐतिहासिक रूप से सम्पन्न हुई। आयोजन के दौरान क्षेत्र में अपार जन-उत्साह देखने को मिला तथा सम्पूर्ण मिठौरा मण्डल दिनभर उत्सवमय वातावरण में सराबोर रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे शक्ति पीठ अवसानी दरगाह, मिठौरा में आयोजन समिति के महामंत्री ओमप्रकाश जी के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत भूमि पूजन द्वारा किया गया। आचार्यों द्वारा कराए गए पूजन-अर्चन के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं एवं सनातन बंधुओं ने हिन्दू समाज की एकता, संस्कृति की रक्षा तथा समाज को संगठित रखने का संकल्प लिया। भूमि पूजन के पश्चात आयोजकों द्वारा आगामी विराट हिन्दू सम्मेलन की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी साझा किए गए।

भूमि पूजन उपरांत क्षेत्र में एक भव्य मोटरसाइकिल जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में बाइक सवार युवाओं, मातृशक्ति एवं सनातन बंधुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यह रैली पनियरा खण्ड के मिठौरा मण्डल के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। भगवा ध्वजों से सजी बाइकों एवं गगनभेदी जयघोषों से सम्पूर्ण क्षेत्र भगवामय एवं हिन्दूमय वातावरण में परिवर्तित हो गया।
रैली के दौरान “जय श्रीराम”, “भारत माता की जय” एवं “संगठित हिन्दू – समर्थ भारत” जैसे नारों से वातावरण गूंजता रहा।

जागरूकता रैली के माध्यम से आगामी 04 जनवरी 2026 को प्रातः 11:00 बजे से शक्ति पीठ अवसानी दरगाह में आयोजित होने वाले विराट हिन्दू सम्मेलन का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया। आयोजकों ने बताया कि इस रैली का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मेलन से जोड़ना तथा अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करना है। रैली में सम्मिलित लोगों में सम्मेलन को लेकर विशेष उत्साह एवं प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने एक स्वर में 04 जनवरी को आयोजित विराट हिन्दू सम्मेलन को ऐतिहासिक एवं भव्य बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। आयोजकों का कहना था कि आज की अभूतपूर्व सहभागिता यह प्रमाणित करती है कि हिन्दू समाज पूर्णतः संगठित है तथा सम्मेलन की सफलता के लिए दृढ़ संकल्पित है।

आयोजन समिति के अध्यक्ष महन्त त्यागी दास जी ने कार्यक्रम की सफलता पर समस्त सनातन समाज, युवाओं एवं क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में 04 जनवरी को शक्ति पीठ अवसानी दरगाह पहुँचकर विराट हिन्दू सम्मेलन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करें।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से श्री रामचंद्र जी, जीवेश जी, दीपक जी, मोहनलाल जी, अशोक जी, जगदीश जी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, युवा कार्यकर्ता एवं सनातन प्रेमी उपस्थित रहे।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *