तेज हवा में सड़क पर गिरा रेस्टोरेंट का बोर्ड, बाइक सवार महिला की मौत

 

मेडिकल कॉलेज से दवा लेकर बेटे के साथ लौट रही थी महिला, बोर्ड की चपेट में आने से गई जान।

कौशल श्रीवास्तव की रिपोर्ट

महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरखपुर महराजगंज मुख्य मार्ग परतावल ग्राम सभा पिपरिया में बुधवार को तेज हवा के दौरान महाराजा फैमिली रेस्टोरेंट एंड हांडी दरबार का प्रचार बोर्ड अचानक सड़क पर गिर गया। इसी दौरान बाइक से गुजर रही महिला बोर्ड की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उसे सीएचसी परतावल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान सुभावती देवी उम्र लगभग 56 वर्ष निवासी ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुर जलहिया के रूप में हुई है। बताया गया कि सुभावती देवी अपने बेटे दुर्विजय के साथ गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से दवा लेकर बाइक से घर लौट रही थीं। परतावल-गोरखपुर मार्ग पर अचानक तेज हवा के बीच रेस्टोरेंट का प्रचार बोर्ड बाइक के ऊपर आ गिरा। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसका बेटा बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को तत्काल सीएचसी परतावल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना मिलते ही पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों का ढांढस बंधाया। अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्रा ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार प्रार्थना पत्र मिलने पर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। हादसे ने एक गंभीर सवाल जरूर छोड़ दिया है कि सड़क किनारे लगाए जाने वाले बड़े प्रचार बोर्डों की मजबूती और सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी, एक परिवार की जिंदगी उजड़ने के बाद क्या अब सुरक्षा मानकों पर गंभीरता से ध्यान दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *