दीपावली पर मिठाइयों में मिलावट करने वालों की खैर नहीं!कस्तूरी व तारा मिष्ठान भण्डार खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, खोया और छेना के लिए नमूने

महराजगंज,जनपद मे दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। आम लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने फरेंदा और नौतनवा में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खोया और छेना मिठाई के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे गए।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के आदेश पर जिलाधिकारी महराजगंज तथा प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-II केके उपाध्याय के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने महराजगंज रोड, फरेंदा स्थित तारा मिष्ठान भंडार का निरीक्षण किया। यहां से खोया और छेना मिठाई के नमूने लिए गए।
इसके बाद टीम ने नौतनवा के मेन मार्केट स्थित कस्तूरी स्वीट हाउस का निरीक्षण किया। यहां भी खोया एवं छेना मिठाई के नमूने संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के आवश्यक निर्देश दिए गए।
चार नमूने जांच के लिए भेजे गए
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, बुधवार को कुल चार नमूने संग्रहित कर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता का पता चलेगा। विभाग का उद्देश्य त्योहार के दौरान मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण रखना है।
त्योहार पर शुद्ध मिठाई उपलब्ध कराने की कवायद
दीपावली के अवसर पर मिठाइयों की खरीदारी बढ़ने के कारण खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी जरूरी हो जाती है। खाद्य सुरक्षा विभाग के इस अभियान से दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति सतर्क रहने का संदेश दिया गया है।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद एवं पवन कुमार गोंड शामिल रहे। विभाग की ओर से त्योहार के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की जांच और निरीक्षण की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *