पाकिस्तान को सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ विश्वसनीय कार्रवाई करनी चाहिए: भारत

उप सम्पादक जीत बहादुर चौधरी की रिपोर्ट
23/09/2026

काठमाण्डौ,नेपाल – भारत के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि पाकिस्तान को सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ विश्वसनीय कार्रवाई करनी चाहिए।

मंत्रालय ने कहा कि ऐसा करने पर ही दुनिया उनकी बातों पर यकीन करेगी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने मंगलवार को साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में यह टिप्पणी की।

मीडिया ने उनसे पाकिस्तान आर्मी चीफ असीम मुनीर के बयान पर प्रतिक्रिया मांगी।

मुनीर ने कहा कि देश में बढ़ते आतंकवाद के बीच सशस्त्र बलों का आतंकवाद को हराने का दृढ़ संकल्प है।

इस पर जयसवाल ने कहा, “पाकिस्तान को कार्रवाई करने और मजबूत प्रतिबद्धता दिखाने की जरूरत है।

उसे सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ विश्वसनीय कार्रवाई करनी चाहिए और तभी दुनिया को विश्वास होगा कि वह जो कहेगा वही करेगा।”

इस बीच, पाकिस्तान ने हाल ही में स्थायी मध्यस्थता न्यायालय के फैसले के संबंध में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष को एक पत्र भेजा है।

ये फैसला सिंधु जल संधि से जुड़ा था। इस पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने पाकिस्तान पर तथ्यों को गलत तरीके से पेश करने और झूठे दावे फैलाने का आरोप लगाया।

रणधीर जयसवाल ने कहा, “पाकिस्तान जिसे स्थायी मध्यस्थता अदालत का फैसला बता रहा है, वह वास्तव में उस अदालत का फैसला नहीं है। यह अवैध रूप से गठित अदालत का फैसला है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *