भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का महराजगंज दौरा: जनसुनवाई और ‘मन की बात’ कार्यक्रम में होंगे शामिल

 

महराजगंज: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी 24 जनवरी को महराजगंज दौरे पर आएंगे। वे लखनऊ से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे होते हुए फरेंदा मार्ग से महराजगंज पहुंचेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, 24 जनवरी की शाम वे महराजगंज स्थित अपने आवास पर रात्रि विश्राम करेंगे। उनके आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं में उत्साह का माहौल है।
25 जनवरी की सुबह प्रदेश अध्यक्ष अपने आवास पर जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इस दौरान वे आम जनता की समस्याएं सुनेंगे और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लोग अपनी समस्याएं और सुझाव लेकर इस कार्यक्रम में भाग लेंगे।
सुबह 11 बजे वे नगर स्थित राज विलास रिसॉर्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सामूहिक रूप से सुनेंगे। इस कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल और बूथ स्तर के कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे।
इसके बाद पंकज चौधरी फरेंदा विधानसभा क्षेत्र के बरात गाड़ा गांव में आयोजित ‘जी राम जी’ कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। अपने संबोधन में वे केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, राम मंदिर निर्माण, विकसित भारत के संकल्प और संगठनात्मक मजबूती पर अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे। इसके बाद वे फरेंदा होते हुए लखनऊ लौटेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के दौरे को लेकर सुरक्षा और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण है और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *