रिटायर्ड लेखपाल के घर हुई लूट में दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, एक को लगी गोली


गोरखपुर शहर स्थित एम्स थाना क्षेत्र के रजही में रिटायर्ड लेखपाल बालेंद्र सिंह के घर से हुई 84 लाख रुपये की लूट में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसओजी और एम्स थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान मुठभेड़ में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

मुठभेड़ में एक अभियुक्त घायल हुआ, जबकि दूसरा भागने के प्रयास में बाइक समेत गिरने के बाद पकड़ा गया। उनके कब्जे से देशी तमंचा, कारतूस, लूटे गए आभूषण, 50 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रामरक्षा उर्फ तेजू यादव निवासी चिलुआताल और देवेन्द्र निषाद उर्फ दयानन्द निवासी थाना एम्स क्षेत्र के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, 5 जनवरी 2026 को दो मोटरसाइकिलों से आए चार बदमाशों ने असलहों के बल पर रिटायर्ड लेखपाल के घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया था। बदमाशों ने जान से मारने की धमकी देकर करीब 80 लाख रुपये के आभूषण और चार लाख रुपये नकद लूट लिए थे। विरोध करने पर वादी के सिर पर असलहे के बट से हमला भी किया गया था।मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने लूट के माल का बंटवारा कर रहे अभियुक्तों को घेर लिया। इसी दौरान रामरक्षा ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया। घायल अभियुक्त को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने संबंधित मुकदमे में धाराओं में बढ़ोत्तरी करते हुए आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया है। अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश जारी है।

डा राजकुमार मिश्रा की रिपोर्ट

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *