श्यामदेउरवा में कूड़े के अंबार से बढ़ी बीमारियों की आशंका

 

श्यामदेउरवा

परतावल ब्लॉक के श्यामदेउरवा क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था चरमराई हुई है।श्यामदेउरवा मुख्य चौराहे श्यामदेउरवा-महम्मदा मार्ग और बड़हरा बरईपार मार्ग पर सड़क किनारे कूड़े का अंबार लगा है। यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है, जिससे पूरे इलाके में गंदगी और बदबू का आलम है।
बरसात शुरू होते ही समस्या और गंभीर हो गई है। सड़ता हुआ कूड़ा राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। कूड़े से निकलने वाला गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है, जिससे मच्छर और कीटों का प्रकोप बढ़ गया है। स्थानीय लोगों को संक्रामक बीमारियों के फैलने का डर सताने लगा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि नियमित सफाई और कूड़ा उठान की कोई ठोस व्यवस्था नहीं है। इसी वजह से रोजाना कूड़े का ढेर बढ़ता जा रहा है।आवारा पशु भी कूड़े में मुंह मारते रहते हैं, जिससे गंदगी और फैल रही है।ये सभी मार्ग क्षेत्र के प्रमुख आवागमन मार्ग हैं,जहां से रोज सैकड़ों लोग गुजरते हैं।
सड़क किनारे फैली इस गंदगी ने स्वच्छ भारत मिशन और स्वच्छता अभियान के दावों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल प्रभाव से कूड़े को हटवाया जाए, नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और कूड़े के स्थायी निस्तारण की व्यवस्था की जाए ताकि बरसात में बीमारियों को रोका जा सके।
इस संबंध में एडीओ पंचायत देवेंद्र पटेल ने बताया कि “संबंधित कर्मचारियों को मौके पर भेजकर जल्द ही साफ-सफाई करवा दी जाएगी। आगे से नियमित सफाई की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *