हॉकी में महराजगंज की बेटियों ने रचा इतिहास, प्रदेशीय टीम में चार का चयन

 

– अंडर-17 बालिका वर्ग में पहली बार एक साथ चार खिलाड़ियों ने बनाई जगह, रामपुर में दिखाएंगी दमखम

महराजगंज जनपद के विकास खण्ड घुघुलि में खेल के मैदान में महराजगंज की बेटियों ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। गोरखपुर में आयोजित 17 वर्षीय बालिका हॉकी मंडलीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद महराजगंज की चार खिलाड़ियों का चयन 70वीं प्रदेशीय हॉकी प्रतियोगिता 2026-27 के लिए हुआ है। चारों खिलाड़ी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, महराजगंज की छात्राएं हैं।
प्रदेशीय प्रतियोगिता का आयोजन 16 से 19 सितंबर तक रामपुर (मुरादाबाद मंडल) में होगा। प्रदेश स्तर के लिए चयनित खिलाड़ियों में नेहा कुमारी, साक्षी, गरिमा और रितिका पटेल शामिल हैं।
महराजगंज के खेल इतिहास में यह उपलब्धि इसलिए भी खास है कि पहली बार जिले की चार बालिकाओं ने एक साथ प्रदेशीय हॉकी प्रतियोगिता में जगह बनाई है। इन बेटियों के चयन से विद्यालय परिवार के साथ ही जिले के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
गुरुवार को इस्लामिया इंटर कॉलेज, गोरखपुर में आयोजित मंडलीय प्रतियोगिता में महराजगंज की खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। उनके प्रदर्शन के आधार पर चारों का चयन प्रदेशीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा के कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिले में खेल गतिविधियों को नई गति मिली है। स्वयं राज्य स्तर तक हॉकी खेल चुके डीआईओएस के मार्गदर्शन में जिले के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और प्रोत्साहन मिल रहा है। उनके प्रयासों से जिले के खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है।
जिला क्रीड़ा सचिव अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि पिछड़े क्षेत्र की बेटियों ने अपनी प्रतिभा और हौसले से यह साबित कर दिया है कि सुविधाओं की कमी प्रतिभा की उड़ान नहीं रोक सकती। इन खिलाड़ियों के प्रदेश स्तर पर चयन से निश्चित रूप से महराजगंज का नाम रोशन होगा।
जिला बेसिक शिक्षाधिकारी सुरजीत सिंह,राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य अनामिका पांडेय सहित शिक्षकों ने चारों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए प्रदेशीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
नेहा, साक्षी, गरिमा और रितिका की यह उपलब्धि जिले की उन तमाम बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रही हैं। अब इन चारों खिलाड़ियों की नजर रामपुर में होने वाली प्रदेशीय प्रतियोगिता पर है, जहां वे अपने खेल का दम दिखाकर महराजगंज के लिए नई उपलब्धि हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *