चाइनीज मांझे पर राजघाट पुलिस का शिकंजा: ड्रोन से निगरानी, गलियों में गूंज रहा चेतावनी संदेश

त्योहार की खुशी किसी परिवार के लिए मातम में न बदले

गोरखपुर। चाइनीज मांझे की धार अब लोगों की जिंदगी पर भारी न पड़े, इसके लिए राजघाट पुलिस ने दूसरे दिन भी सख्त अभियान जारी रखा। आसमान में ड्रोन कैमरे से निगरानी और गलियों-मोहल्लों में प्री-रिकॉर्डेड अनाउंसमेंट के जरिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। पतंग की दुकानों पर पहुंचकर पुलिस सघन चेकिंग कर रही है और दुकानदारों को साफ चेतावनी दी जा रही है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचते पकड़े गए तो कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी के निर्देश पर थाना प्रभारी राजघाट गौरव कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार को भी कई इलाकों में अभियान चलाया। पतंग की दुकानों की जांच के साथ दुकानों पर चेतावनी पोस्टर भी चस्पा किए जा रहे हैं। पोस्टरों के जरिए लोगों को बताया जा रहा है कि चाइनीज मांझे की बिक्री करते पकड़े जाने पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा सकता है।
एक मांझा, किसी की जिंदगी पर भारी न पड़े, इसी संदेश के साथ पुलिस लगातार लोगों को जागरूक कर रही है। चाइनीज मांझे की चपेट में आकर राहगीरों और बाइक सवारों के घायल होने के साथ कई बार जान तक चली जाती है। गले और चेहरे पर मांझा लगने से होने वाली चोटें जिंदगी भर का दर्द दे सकती हैं।
पुलिस की सख्ती का असर भी दिखाई दे रहा है। रविवार को पुलिस ने एक चाइनीज मांझा विक्रेता को गिरफ्तार कर स्पष्ट संदेश दिया कि प्रतिबंधित मांझे की बिक्री किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ड्रोन से निगरानी और लगातार चेकिंग के जरिए पुलिस अब उन दुकानदारों पर भी नजर रख रही है, जो चोरी-छिपे चाइनीज मांझा बेचने की कोशिश कर सकते हैं।
राजघाट पुलिस का अभियान सिर्फ कार्रवाई तक सीमित नहीं है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि पतंग उड़ाते समय सुरक्षित और प्रतिबंधित मांझे से मुक्त विकल्प का इस्तेमाल करें, ताकि त्योहार की खुशी किसी परिवार के लिए मातम में न बदले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *