पुलिस अधीक्षक ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, प्रमुख व्यापारियों एवं स्वर्ण व्यवसायियों के साथ की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

महराजगंज जनपद मे आगामी धनतेरस एवं दीपावली पर्व के दृष्टिगत जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा जनपद के व्यापार मंडल के पदाधिकारियों, प्रमुख व्यापारियों एवं स्वर्ण व्यवसायियों के साथ बैठक की गई। बैठक में त्योहारों के दौरान बाजारों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने तथा पुलिस एवं व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों एवं स्वर्ण व्यवसायियों को अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने, सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता बनाए रखने तथा प्रतिष्ठानों के आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली चहल-पहल एवं ग्राहकों की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के प्रति विशेष सतर्कता बरती जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी व्यापारी अथवा स्वर्ण व्यवसायी को अधिक मात्रा में नकदी या कीमती सामान एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने की आवश्यकता हो, तो वह संबंधित स्थानीय थाने से संपर्क कर पुलिस सुरक्षा के संबंध में आवश्यक सहयोग प्राप्त कर सकते हैं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा अप्रिय घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि समय से सूचना मिलने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने पुलिस एवं व्यापारियों के बीच आपसी संवाद और समन्वय को महत्वपूर्ण बताते हुए सुरक्षा संबंधी समस्याओं की जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराने पर जोर दिया, ताकि उनका समयबद्ध निराकरण किया जा सके। उन्होंने त्योहारों के दौरान जनपद में सुरक्षित वातावरण बनाए रखने तथा आमजन को निर्भीक होकर खरीदारी करने के लिए अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सतर्कता एवं सहयोग बनाए रखने की अपील की।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी यातायात, व व्यापार मंडल के पदाधिकारी, जनपद के प्रमुख व्यापारी एवं स्वर्ण व्यवसायी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *