छेड़खानी से बचने के लिए छत पर भागी नाबालिग, गिरकर गंभीर घायल आरोपी गिरफ्तार

 

 

खजनी/गोरखपुर। खजनी थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ छेड़खानी का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक की अश्लील हरकतों से बचने के प्रयास में किशोरी छत पर भागी, लेकिन संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में आरोप लगाया गया है कि गांव का 26 वर्षीय युवक कई महीनों से उनकी बेटी का पीछा कर उसे परेशान और छेड़खानी कर रहा था। आरोप है कि 14 जून को जब किशोरी घर में अकेली थी, तभी आरोपी जबरन घर में घुस आया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। घबराई किशोरी अपनी जान बचाने के लिए छत पर भागी, लेकिन इसी दौरान वह नीचे गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसकी रीढ़ की हड्डी सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट की पुष्टि की। फिलहाल उसका उपचार जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर खजनी थाने में केस संख्या 209/2026 दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धाराएं 76, 333, 109, 352, 351(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 9/10 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस टीम ने आरोपी निखिल उर्फ ज्ञानी निवासी ग्राम भीटी खोरिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी की कार्रवाई एसपी साउथ डी.के. पुरी एवं क्षेत्राधिकारी खजनी विवेक कुमार तिवारी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर जयंत कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अर्जुन पटेल, उपनिरीक्षक बंशनारायण सिंह यादव, कांस्टेबल रोहित यादव एवं कांस्टेबल आदर्श दीक्षित शामिल रहे।
थानाध्यक्ष जयंत कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *