सदर तहसील समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 193 शिकायतें पहुंचीं

 

20 मामलों का मौके पर निस्तारण, जमीन विवाद और बाउंड्रीवाल समेत कई समस्याएं रहीं प्रमुख

गोरखपुर। सदर तहसील परिसर में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भारी भीड़ रही। एसडीएम सदर दीपक गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में कुल 193 लोगों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। इनमें से 20 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि अन्य शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समय सीमा के भीतर निस्तारण के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में जमीन विवाद, अवैध निर्माण, पैमाइश, नगर निगम कर, सड़क चौड़ीकरण और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें सबसे अधिक सामने आईं। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जं. सालिकराम क्षेत्र निवासी रामप्रसाद और रामपत ने अपनी जमीन पर हो रहे कथित अवैध निर्माण की शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना वैध अधिकार के भूमि पर निर्माण कराया जा रहा है, जबकि न्यायालय द्वारा पूर्व में आदेश निरस्त किया जा चुका है। एसडीएम ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं, ग्राम मंगलपुर निवासी बिन्द्रेश निषाद ने सड़क चौड़ीकरण के दौरान प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालय की टूटी बाउंड्रीवाल का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि बाउंड्रीवाल टूटने से विद्यालय परिसर असुरक्षित हो गया है, जिससे बच्चों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने दो बच्चों के दुर्घटनाग्रस्त होने की बात भी कही। इस पर एसडीएम ने संबंधित विभाग को जांच कर शीघ्र बाउंड्रीवाल निर्माण कराने के निर्देश दिए।
जंगल अखलाख कुंवर क्षेत्र के विरजू ने अपनी जमीन की पैमाइश न होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। एसडीएम ने राजस्व टीम को निष्पक्ष पैमाइश कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
महुई सुघरपुर निवासी गोविंद प्रकाश त्रिपाठी ने नगर निगम द्वारा गलत तरीके से गृहकर और जलकर बिल जारी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने अधिक कर लगाए जाने का आरोप लगाया, जिस पर जांच के आदेश दिए गए।
एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें और शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक परेशान न किया जाए।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार अरविंद नाथ पांडेय सहित राजस्व विभाग के अधिकारी, कानूनगो और लेखपाल मौजूद रहे।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *