डीएम को शिकायत के तीन दिन बाद ही जारी हुआ 21.94 लाख का भुगतान,

 

मंझरिया में मनरेगा कार्यों पर उठे सवाल

खजनी/गोरखपुर। खजनी विकासखंड की ग्राम पंचायत मंझरिया में मनरेगा कार्यों के भुगतान को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। ग्राम निवासी पवन सिंह ने डीसी मनरेगा गोरखपुर से शिकायत कर आरोप लगाया है कि जिलाधिकारी को शिकायत दिए जाने के बावजूद अधूरे कार्यों के नाम पर 21.94 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, उन्होंने 17 जून को जिलाधिकारी गोरखपुर को ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव द्वारा कथित रूप से बिना कार्य कराए भुगतान किए जाने की शिकायत दी थी। आरोप है कि शिकायत पर जांच शुरू होने से पहले ही 20 जून को मनरेगा के पांच कार्यों के लिए सामग्री मद से लाखों रुपये का भुगतान संबंधित फर्मों को कर दिया गया।
पवन सिंह का कहना है कि जिन कार्यों को पूर्ण दिखाकर भुगतान किया गया है, उनमें से कई कार्य मौके पर अभी भी अधूरे पड़े हैं। ऐसे में भुगतान किए जाने से सरकारी धन के दुरुपयोग और नियमों की अनदेखी की आशंका गहरा गई है। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा संबंधित फर्मों और वेंडरों के खातों को तत्काल होल्ड कर आगे के भुगतान पर रोक लगाने की मांग की है।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि पूर्व में भी ग्राम पंचायत में विकास कार्यों और भुगतान को लेकर शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अनियमितताओं को बढ़ावा मिला है। उन्होंने दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई : डीसी मनरेगा
डीसी मनरेगा गोरखपुर रघुनाथ सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जांच टीम गठित कर मामले की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में वित्तीय अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम पंचायत मंझरिया का यह मामला अब स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है और लोगों की निगाहें प्रशासनिक जांच पर टिकी हुई हैं।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *