पनियरा विधानसभा क्षेत्र में बूथ अध्यक्षों के महासम्मेलन की तैयारियां तेज, कार्यक्रम के पूर्व योजनात्मक बैठक हुई संपन्न

कौशल श्रीवास्तव की रिपोर्ट

 

 

आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और रणनीतियों को धार देने के लिए आगामी 22 जुलाई 2026 को पनियरा विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथ अध्यक्षों के लिए एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस महासम्मेलन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के उद्देश्य से आज एक महत्वपूर्ण पूर्व योजनात्मक बैठक (तैयारी बैठक) परतावल में विधायक आवास/जनसंपर्क कार्यालय पर संपन्न हुई।

बैठक में भाजपा परतावल मण्डल के वरिष्ठ पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों, प्रभारियों और सक्रिय कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

बैठक में मुख्य वक्ता अंगद गुप्ता ने कहा कि किसी भी संगठन की असली ताकत उसके बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता होते हैं। आगामी सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हर एक बूथ को सबसे मजबूत इकाई बनाना है।
कार्यक्रम को सुचारू रूप से चलाने के लिए विभिन्न कमेटियों (जैसे- बैठक व्यवस्था, स्वागत समिति, और भोजन व्यवस्था) का गठन किया गया और पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

ब्लॉक प्रमुख आनन्द शंकर वर्मा ने कहा कि बूथ अध्यक्ष ही पार्टी की रीढ़ हैं। आगामी चुनाव और कार्यक्रमों की सफलता पूरी तरह से बूथ प्रबंधन पर निर्भर करती है।
यह कार्यकर्ता सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि पनियरा विधानसभा में हमारे संगठन की ताकत का प्रदर्शन होगा। हर एक बूथ अध्यक्ष को अपने बूथ से अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करनी है।”

चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया ने कहा कि,
हम सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर आगामी सम्मेलन को पूरी ऊर्जा के साथ सफल बनाने का प्रयास करना चाहिए क्योंकि पार्टी का हर एक कार्यक्रम कार्यकर्ताओं के बल पर ही सकुशल संपन्न होती है।

विधानसभा संयोजक युवा नेता प्रेमशंकर उर्फ निर्भय सिंह ने कहा कि,
“बूथ जीता, तो चुनाव जीता। हमारा लक्ष्य पनियरा के हर एक बूथ पर संगठन की उपस्थिति को अभेद्य बनाना है। यह कार्यकर्ता सम्मेलन क्षेत्र में एक नई ऊर्जा का संचार करेगा।”

उक्त कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा परतावल मंडल अध्यक्ष विवेक पटेल ने किया तथा समापन करते उन्होंने कार्यकर्ताओं को शत प्रतिशत उपस्थित होने का निवेदन किया। एवं कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री अजय गौतम ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *