मिशन शक्ति 5.0 अभियान: थाना कोठीभार पुलिस ने ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ आयोजित कर महिलाओं को सुरक्षा व हेल्पलाइन नंबरों के प्रति किया जागरूक

 

महराजगंज जनपद में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के तहत आज थाना कोठीभार क्षेत्र के बड़हरा महंत में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, और कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

सम्मेलन में मुख्य रूप से उपस्थित वरिष्ठ महिला पुलिस अधिकारी महिला उप-निरीक्षक (म०उ०नि०) नेहा कुमारी और महिला कांस्टेबल (म०का०) प्रियंका शाह द्वारा गांव की लगभग 35 महिलाओं व बालिकाओं से सीधा संवाद स्थापित किया गया।

मिशन शक्ति टीम द्वारा महिलाओं को छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या, बलात्कार जैसे अपराधों से निपटने और सशक्त बनने के उपाय बताए गए।
सम्मेलन में लड़कियों के बिना बताए घर से जाने से उत्पन्न होने वाली सामाजिक समस्याओं, चुनौतियों और परिवार व समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से समझाया गया।

आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत सहायता प्राप्त करने के लिए हेल्पलाइन नंबरों—112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (वुमन पावर हेल्पलाइन), 102 (स्वास्थ्य सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन)—और साइबर अपराधों से बचाव के तरीकों से अवगत कराया गया। इसके साथ ही ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे अत्यंत सकारात्मक और साहसिक कदम बताया। महिलाओं का कहना था कि अब वे बिना किसी डर या संकोच के हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कर घर बैठे अपनी समस्याओं का निस्तारण करवा सकती हैं, जिससे प्रारंभिक स्तर पर ही अपराधों पर अंकुश लगाया जा सकेगा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *