फन्दे से लटका मिला शव मचा हड़कंप जांच में जुटी पुलिस

गोरखपुर।गुलरिहा क्षेत्र में मंगलवार को एक 22 वर्षीय युवक ने प्रेम संबंध में आहत होकर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। युवक का शव घर की छत पर बने कमरे में साड़ी के फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची गुलरिहा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के समय परिवार के लोग खेत में धान की रोपाई कार्य के लिए गया था।
जानकारी के मुताबिक,क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला सुमित निषाद (22 वर्ष) पुत्र जनार्दन निषाद शहर के एक निजी अस्पताल में वार्ड बॉय का काम करता था। मां मेडिकल कॉलेज में आया के पद पर कार्यरत हैं। मंगलवार की सुबह युवक की मां, पिता और छोटा भाई धान की रोपाई करने खेत गए थे। परिजनों ने उसे घर पर रहने को कहा था और फोन करने पर ठेला लेकर आने की बात कही थी। सुबह करीब साढ़े दस बजे परिजनों ने कई बार उसके मोबाइल पर फोन किया,लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद छोटा भाई अमित उसे खोजते हुए घर पहुंचा। छत पर बने कमरे में पहुंचा तो, उसने सुमित को साड़ी के फंदे के सहारे छत की कुंडी से लटकता देखा। यह देखकर वह चीखते हुए शोर मचाने लगा, जिस पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना की सूचना मिलने पर गुलरिहा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दी। ग्रामीणों के अनुसार सुमित का पिछले तीन वर्षों से पड़ोस की एक युवती से प्रेम संबंध था। युवती का विवाह कहीं और तय हो गया था और मंगलवार को उसकी सगाई होने की चर्चा थी। इसी बात से वह काफी परेशान चल रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *