छात्रों के विवाद के बाद घर पर हमला, मारपीट और पथराव का आरोप

 

हरपुर बुदहट/गोरखपुर। हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के चेचुआपार गांव में 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के बाद छात्रों के बीच शुरू हुआ विवाद देर शाम हिंसक रूप में बदल गया। मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, चेचुआपार निवासी सबरुन निशा पत्नी ताजबुल हुसैन का पुत्र मुस्तफा, गांधी इंटर कॉलेज घोठवां में पढ़ाई करता है। 15 अगस्त को स्कूल का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद घोठवां स्थित हरदेव बाबा स्थान के पास मुस्तफा का रानीपुर निवासी हेमंत पुत्र सुभाष से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर से कहासुनी के बाद ईंट-पत्थर चलने लगे।
बीच-बचाव के दौरान चेचुआपार गांव के ही अजीम पुत्र पीरु और अफजल पुत्र अख्तर मौके पर पहुंचे। मारपीट में मुस्तफा और अजीम दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से मामला उस समय शांत हुआ।
आरोप है कि इस घटना के बाद हेमंत अपने दो दर्जन से अधिक साथियों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर पीड़ित सबरुन निशा के घर पहुंच गया। उपद्रवियों ने घर पर चढ़कर गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थर बरसाए और जान से मारने की धमकी दी। परिजनों का कहना है कि यदि उन्होंने समय पर दरवाजा बंद न किया होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। पीड़िता ने घटना का वीडियो साक्ष्य के रूप में होने का दावा किया है।
पीड़िता सबरुन निशा ने थाना अध्यक्ष हरपुर बुदहट को नामजद तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले को गंभीरता से की जांच कर रही है। आरोपियों में से 8 लोगों को थाने बुलाकर पूछताछ कर रही है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *