सरकारी स्कूल की बदली तस्वीर ने खींचा सबका ध्यान,लखिमा विद्यालय में दिखा शिक्षा और संस्कार का संगम

 

स्वतंत्रता दिवस समारोह में बच्चों ने गीत-संगीत, नृत्य और देशभक्ति प्रस्तुतियों से मचाई धूम

गोरखपुर। कंपोजिट विद्यालय लखिमा का 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह इस बार कई मायनों में खास रहा। विद्यालय परिसर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में जहां तिरंगे को सलामी देकर आजादी के पर्व का उत्सव मनाया गया, वहीं छात्र-छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों ने सरकारी विद्यालयों में हो रहे बदलाव की खूबसूरत तस्वीर भी पेश की।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रधान विनय पांडेय ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद बच्चों ने देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रंगारंग कार्यक्रमों की ऐसी श्रृंखला प्रस्तुत की कि पूरा माहौल राष्ट्रप्रेम से भर उठा। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित ग्रामवासियों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कई प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों से बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
समारोह में बच्चों की प्रतिभा देखकर मौजूद लोगों के बीच सरकारी विद्यालयों में शिक्षा के बदलते स्वरूप को लेकर चर्चा होती रही। विद्यालय में शिक्षा के साथ खेल, विज्ञान, स्वास्थ्य, संस्कार, रचनात्मक गतिविधियों और गीत-संगीत पर दिया जा रहा जोर बच्चों की प्रस्तुतियों में साफ दिखाई दिया। बच्चों का आत्मविश्वास और मंच पर प्रदर्शन यह बताने के लिए काफी था कि अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर सरकारी विद्यालयों के बच्चे भी किसी से पीछे नहीं हैं।
विद्यालय के इंचार्ज गुलाम अहमद ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर देना विद्यालय का उद्देश्य है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में रमेंद्र मिश्रा, अवंतिका शुक्ला, गीता देवी, सुमन यादव, किरन सिंह,विभा श्रीवास्तव, प्रियंका त्रिपाठी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर बच्चों की प्रस्तुतियों की खूब प्रशंसा हुई और विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *