हिन्दू केवल एक धर्म नहीं, भारत की आत्मा है : मनोज

 

पनियरा।
मुजरी न्याय पंचायत के मोहद्दीनपुर ग्राम सभा में आयोजित हिन्दू सम्मेलन श्रद्धा, अनुशासन और राष्ट्रभाव के अद्भुत संगम के साथ ऐतिहासिक रूप से सम्पन्न हुआ। सकल हिन्दू समाज आयोजन समिति – मुजरी के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में हजारों की संख्या में सनातन धर्मावलंबियों ने सहभागिता कर सनातन संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन एवं संगठन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता मनोज जी (क्षेत्र संपर्क प्रमुख) द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण कर किया गया। इसके उपरांत भारत माता की आरती संपन्न हुई, जिसमें उपस्थित जनसमूह ने श्रद्धा भाव से सहभागिता करते हुए राष्ट्र के प्रति अपने समर्पण का भाव प्रकट किया। आरती के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति एवं सनातन चेतना से ओत-प्रोत हो उठा।

मुख्य वक्ता मनोज जी ने अपने ओजस्वी एवं विचारोत्तेजक उद्बोधन में कहा कि “हिन्दू केवल एक धर्म नहीं, बल्कि जीवन-पद्धति, संस्कृति और भारत की आत्मा है।” उन्होंने कहा कि इतिहास साक्षी है कि जब-जब हिन्दू समाज संगठित हुआ है, तब-तब राष्ट्र ने स्वाभिमान, शक्ति और सांस्कृतिक उत्कर्ष का अनुभव किया है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सनातन मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री राम जी ने की। अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज को विभाजित करने वाली शक्तियों के विरुद्ध एकजुट होना अनिवार्य है। ऐसे सम्मेलन सामाजिक जागरूकता, आत्मगौरव और सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को साधुवाद दिया।

कार्यक्रम का संचालन जीवेश मिश्रा ने कुशलतापूर्वक किया।

सम्मेलन में वक्ताओं ने धर्मांतरण, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक संरक्षण एवं राष्ट्रहित जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। मंच से यह संदेश दिया गया कि हिन्दू समाज को जाति, वर्ग एवं क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर एक सूत्र में बंधना होगा।

सम्मेलन स्थल पर जयघोष, धर्मध्वज एवं राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण पूर्णतः भगवामय हो उठा। भारत माता की जय के उद्घोष से क्षेत्र गूंज उठा। मातृशक्ति, युवावर्ग एवं वरिष्ठ नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता ने कार्यक्रम को और अधिक गरिमा प्रदान की।

कार्यक्रम में विशाल, अमन, अभिनव, अमित, शिवचरण, रामचंद्र, दीपक, योगेन्द्र, अरविंद, संदीप, अशोक, हेमंत, निर्भय, मनोहर, सुनील सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *