CEIR पोर्टल पर महराजगंज पुलिस का शानदार प्रदर्शन, प्रदेश में तृतीय और गोरखपुर जोन में प्रथम स्थान

महराजगंज जनपद में  पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी हेतु CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल का प्रभावी उपयोग करते हुए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

CEIR पोर्टल पर माह सितम्बर 2026 के प्रदर्शन के आधार पर जनपद महराजगंज ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के जनपदों में तृतीय स्थान प्राप्त किया है। साथ ही गोरखपुर जोन में जनपद महराजगंज प्रथम स्थान पर रहा।

सितम्बर 2026 में जनपद महराजगंज द्वारा कुल 124 मोबाइलों की Traceability जनरेट की गई, जिनमें से 116 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस प्रकार मोबाइल बरामदगी की 93.55 प्रतिशत Accuracy Score प्राप्त हुई तथा 85.97 का Final Recovery Score हासिल किया गया। पिछले 6 महीने में अब तक कुल 628 मोबाइल फोन जिनकी अनुमानित बाजार कीमती 1,7800000- (एक करोड़ अठहत्तर लाख रूपये) को बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया गया है। सर्विलांस सेल द्वारा IMEI आधारित ट्रैकिंग, तकनीकी विश्लेषण एवं अन्य आधुनिक संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन खोजे गए।

जनपद पुलिस द्वारा CEIR पोर्टल से प्राप्त Traceability Reports का नियमित रूप से परीक्षण करते हुए संबंधित मोबाइल फोनों की लोकेशन एवं तकनीकी जानकारी के आधार पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। बरामद मोबाइल फोनों का पोर्टल पर समयबद्ध अपडेट सुनिश्चित करने के साथ-साथ उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया जा रहा है।

CEIR पोर्टल के प्रभावी उपयोग एवं मोबाइल बरामदगी की प्रक्रिया में जनपद पुलिस द्वारा आधुनिक तकनीकी संसाधनों का बेहतर समन्वय करते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक महराजगंज द्वारा गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोनों की अधिकाधिक बरामदगी तथा बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

प्रदेश में तृतीय एवं गोरखपुर जोन में प्रथम स्थान की यह उपलब्धि जनपद महराजगंज पुलिस की तकनीकी दक्षता, तत्परता एवं नागरिकों की संपत्ति की बरामदगी के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *