गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण, पत्रकारों में दिखा उत्साह

 

गोरखपुर।77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर गोरखपुर जर्नलिस्ट प्रेस क्लब, शास्त्री चौक पर गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चुनाव अधिकारी वागीश चंद श्रीवास्तव ने विधिवत ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। ध्वजारोहण के साथ ही उपस्थित पत्रकारों और वरिष्ठजनों ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रेस क्लब परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। ध्वजारोहण के बाद चुनाव अधिकारी वागीश चंद श्रीवास्तव ने सभी आए हुए गणमान्य पत्रकारों, वरिष्ठ पत्रकारों एवं प्रेस क्लब के सदस्यों को मिष्ठान वितरण कराकर मुंह मीठा कराया, जिससे आपसी सौहार्द और उत्सव का माहौल और भी उल्लासपूर्ण हो गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वागीश चंद श्रीवास्तव ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता ही गणतंत्र की आत्मा को सशक्त बनाती है। साथ ही उन्होंने सभी पत्रकारों से समाज और राष्ट्रहित में सकारात्मक पत्रकारिता करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ पत्रकारों ने भी गणतंत्र दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों और कर्तव्यों को आत्मसात करने की बात कही। वक्ताओं ने कहा कि संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता और न्याय का मार्ग दिखाता है और पत्रकारों का दायित्व है कि वे इन मूल्यों की रक्षा करें।
ध्वजारोहण कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और राष्ट्र की एकता व अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण, गरिमामय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *