प्रदूषण के खिलाफ कैंडल मार्च भाषण और ज्ञापन तक सिमटा

 

एसडीएम ने समाधान के लिए मांगा एक माह का समय, कैंडल मार्च किया गया स्थगित

गोरखपुर सहजनवा गीडा क्षेत्र की फैक्ट्रियों से फैल रहे प्रदूषण के विरोध में रविवार को पूर्व विधायक देवनारायण सिंह के आह्वान पर कैंडल मार्च प्रस्तावित था। इसे लेकर सहजनवा नगर पंचायत सहित आसपास के गांवों में खासा उत्साह देखा गया। तय समय पर बड़ी संख्या में ग्रामीण रेलवे स्टेशन पर एकत्र हो गए, वहीं संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरे दिन मुस्तैद नजर आया।

कैंडल मार्च शुरू होने से पहले ही मंच से नेताओं के भाषण शुरू हो गए। इसी दौरान यह घोषणा की गई कि प्रशासन ने प्रदूषण समस्या के समाधान के लिए एक माह का समय मांगा है, इसलिए फिलहाल कैंडल मार्च स्थगित किया जा रहा है। यह सुनते ही जुटी भीड़ धीरे-धीरे तितर-बितर हो गई।

भाषणों में प्रदूषण के खिलाफ कड़े कदम उठाने के दावे तो किए गए, लेकिन प्रदर्शन अंततः ज्ञापन सौंपने तक ही सीमित रह गया।
मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी केशरी नंदन तिवारी ने भी प्रदूषण से निजात दिलाने के लिए एक माह का समय लेने की बात कही। इसके बाद उपस्थित नेताओं ने उन्हें प्रदूषण के विरोध में एक ज्ञापन सौंपा।

कैंडल मार्च के स्थगन को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। कई लोगों ने निराशा जताई, तो कुछ ने प्रशासन को दिए गए समय को अंतिम अवसर मानने की बात कही। अब सभी की निगाहें एक माह बाद होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *