भाजपा को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प, राज्यमंत्री संतराज यादव ने पदाधिकारियों से किया संवाद

 

देवरिया (विनय तिवारी)। भारतीय जनता पार्टी, जनपद देवरिया के नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों की परिचयात्मक बैठक में राज्य मंत्री एवं देवरिया के अतिरिक्त प्रभारी संतराज यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में उन्होंने नवदायित्व प्राप्त पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों से आत्मीय परिचय प्राप्त करते हुए संगठन की मजबूती और आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तार से संवाद किया।
राज्यमंत्री संतराज यादव ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों को नवीन दायित्व के लिए बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं की निष्ठा, समर्पण और निरंतर परिश्रम में निहित है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए पदाधिकारी अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करते हुए देवरिया में भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों एवं जनसेवा के संकल्प को प्रत्येक कार्यकर्ता को जन-जन तक पहुंचाना है। संगठन की विचारधारा और सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा देवरिया जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने की। इस दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों में खासा उत्साह देखने को मिला। सभी ने संगठन को मजबूत करने, पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा बूथ स्तर पर संगठन को और सक्रिय बनाने का संकल्प लिया।
बैठक को आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नए पदाधिकारियों के साथ हुए संवाद के जरिए भाजपा ने देवरिया में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय, मजबूत एवं प्रभावी बनाने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *