जिलाधिकारी ने सर्वोदय विद्यालय में छात्राओं संग किया भोजन, परखी भोजन की गुणवत्ता

महराजगंज(विनय तिवारी)। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मंगलवार को जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता, स्वाद एवं साफ-सफाई की व्यवस्था को परखा।
जिलाधिकारी ने छात्राओं से भोजन की गुणवत्ता और विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, विद्यालय की व्यवस्थाओं तथा भविष्य की योजनाओं को लेकर भी संवाद किया।
छात्राओं ने जिलाधिकारी के साथ सहजता से बातचीत की और अपनी पढ़ाई एवं भविष्य को लेकर विचार साझा किए। छात्राओं का उत्साह, उनकी जागरूकता और भविष्य के प्रति उनकी आशावादिता देखकर जिलाधिकारी सहित मौजूद अधिकारी भी अभिभूत नजर आए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ पोषण और सकारात्मक वातावरण भी बेहद महत्वपूर्ण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *