अपराधियों व अपराध पर पूर्ण अंकुश हमारी पहली प्राथमिकता : एसएसपी डॉ. कौस्तुभ

अपराध के हर क्षेत्र पर पुलिस की पैनी नजर, पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना सर्वोच्च प्राथमिकता – डॉ कौस्तुभ

गोरखपुर। जिले में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बातचीत में कहा कि अपराधियों व अपराध पर पूर्ण अंकुश लगाना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। कानून-व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और अपराध के हर क्षेत्र में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल घटनाओं के बाद कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि अपराध की रोकथाम, अपराधियों की पहचान, उनकी गतिविधियों पर निगरानी और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इसके लिए थाना स्तर से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक लगातार समीक्षा की जा रही है।
उन्होंने कहा कि महिला अपराध, साइबर अपराध, चोरी, लूट, धोखाधड़ी, जमीन संबंधी विवाद, संगठित अपराध, नशे के कारोबार और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर पुलिस की विशेष नजर है। ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

अपराधियों के लिए कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं

एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फरार और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही जरूरत के अनुसार वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून की नजर से बच नहीं सकता। पुलिस का उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास पैदा करना है।
पीड़ित की सुनवाई और त्वरित कार्रवाई पर जोर
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी जाए और शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो।

पीड़ित को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जनता के साथ बेहतर व्यवहार, शिकायतों की निष्पक्ष सुनवाई और त्वरित कार्रवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
तकनीक और सूचना तंत्र को बनाया जाएगा मजबूत
एसएसपी ने कहा कि बदलते समय के साथ अपराध के तौर-तरीके भी बदल रहे हैं। ऐसे में पुलिस को तकनीकी रूप से और अधिक सक्षम बनाना जरूरी है। साइबर अपराध से लेकर संगठित अपराध तक, आधुनिक तकनीक और मजबूत सूचना तंत्र के जरिए अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास लगातार जारी है।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें और साइबर अपराध से बचने के लिए जागरूक रहें।

एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बातचीत में दोहराया कि गोरखपुर में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करना, अपराध के हर क्षेत्र पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।
इस अवसर पर जोनल चीफ विनय तिवारी, हिमांशु श्रीवास्तव,कमलाकांत द्विवेदी, श्याम लाल चौहान, फिरोज खान,आशुतोष सिंह, प्रिंस श्रीवास्तव,स्कंद गिरी, यशोदानन्द सहित अन्य गणमान्य जन  मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *