प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की रायबरेली शाखा की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ
रायबरेली, 14 सितंबर।
शहर के शांति ग्रैंड होटल, रायबरेली में सोमवार को प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ, उत्तर प्रदेश की रायबरेली शाखा के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. यशवीर सिंह, प्रदेश सचिव डॉ. शरद वैश्य सहित प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने सहभागिता की। प्रदेश कार्यकारिणी ने रायबरेली की निर्विरोध निर्वाचित जिला कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई।
समारोह में वर्तमान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला, पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला चिकित्सालय डॉ. पुष्पेंद्र कुमार, महिला जिला चिकित्सालय की मुख्य चिकित्सा अधीक्षका डॉ. निर्मला कुमारी साहू सहित जनपद के विभिन्न चिकित्सालयों के सीएमएस संवर्ग के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे।
रायबरेली शाखा की नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष डॉ. शिवकुमार, ईएनटी सर्जन, जिला चिकित्सालय रायबरेली, सचिव डॉ. ज्ञान प्रताप सिंह सिसोदिया, अधीक्षक दीन शाह गौरा, उपाध्यक्ष डॉ. अभिषेक सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. अमल पटेल, अधीक्षक लालगंज, उपाध्यक्ष डॉ. प्रियंका कुशवाहा, वित्त सचिव डॉ. इफ्तिखार अहमद तथा संपादक डॉ. प्रेमशरण शामिल हैं।
चिकित्सक और मरीज के बीच विश्वास सबसे महत्वपूर्ण: डॉ. शिवकुमार
शपथ ग्रहण के बाद अपने संबोधन में शाखा अध्यक्ष डॉ. शिवकुमार ने कहा कि “चिकित्सा व्यवस्था की सफलता केवल दवाओं और उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि चिकित्सक और मरीज के बीच विश्वास, संवाद और सौहार्द भी उतना ही महत्वपूर्ण है।” उन्होंने कहा कि चिकित्सकों का प्रयास रहेगा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों और चिकित्सा संस्थानों में मरीजों तथा चिकित्सकों के बीच सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण बना रहे।
उन्होंने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए संगठन सकारात्मक भूमिका निभाएगा। चिकित्सकों की समस्याओं को लेकर उन्होंने स्पष्ट कहा कि “अब किसी चिकित्सक की समस्या केवल उसकी व्यक्तिगत समस्या नहीं, बल्कि संगठन की समस्या होगी।” संगठन चिकित्सकों की समस्याओं को उचित स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाएगा और उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।
डॉ. शिवकुमार ने यह भी कहा कि चिकित्सकों के साथ किसी भी प्रकार का दुर व्यवहार या उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने की शिकायत सामने आने पर संगठन नियमानुसार उचित कार्रवाई की मांग करेगा। साथ ही उन्होंने चिकित्सकों से भी अपील की कि वे मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ धैर्य, संवेदनशीलता, सौहार्द और सम्मानपूर्ण व्यवहार बनाए रखें।
“मरीज हमारे लिए केवल एक केस नहीं, बल्कि विश्वास की जिम्मेदारी है”
उन्होंने कहा कि चिकित्सक और मरीज एक-दूसरे के सहयोगी हैं। मरीज अपने जीवन और स्वास्थ्य की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी चिकित्सक को सौंपता है, इसलिए मरीज का विश्वास बनाए रखना और उसे सम्मानजनक वातावरण में बेहतर उपचार देना प्रत्येक चिकित्सक का दायित्व है। वहीं मरीजों और तीमारदारों से भी अपील की गई कि वे चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के कार्य की परिस्थितियों को समझते हुए सहयोग और सम्मान का वातावरण बनाए रखें।
समारोह में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. यशवीर सिंह एवं प्रदेश सचिव डॉ. शरद वैश्य ने नई जिला कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत करने, चिकित्सकों के हितों की रक्षा करने तथा प्रदेश में बेहतर चिकित्सा व्यवस्था के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह के अंत में नवनिर्वाचित जिला कार्यकारिणी ने चिकित्सकों के हितों, संगठन की गरिमा तथा जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी से कार्य करने का संकल्प लिया।

Yogendra Pandey is a dedicated journalist and the key author at Crime News National, a platform committed to delivering accurate, timely, and unbiased crime-related news from across India. With a strong passion for investigative reporting, he focuses on presenting facts responsibly and raising awareness about issues that impact public safety and justice.
Over the years, Yogendra has built a reputation for his clear reporting style, ethical journalism, and commitment to truth. His work highlights real incidents, law-and-order developments, and important updates involving crime, policing, and public awareness.
At Crime News National, he aims to provide readers with trustworthy information supported by verified sources, ensuring transparency and credibility in every story he reports.
Yogendra believes that informed citizens build a safer society, and through his writing, he strives to bring awareness, promote justice, and give a voice to real issues from the ground.
