पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में विस्फोट, कम से कम 16 लोगों की मौत

उप सम्पादक जीत बहादुर चौधरी की रिपोर्ट
18/09/2026

काठमाण्डौ,नेपाल – पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के कोहाट में पूर्व पुलिस लाइन की इमारत के पास हुए विस्फोट में कम से कम 16 लोग मारे गए।  30 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस महानिरीक्षक जुल्फिकार हामिद ने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, विस्फोटकों से भरा एक वाहन पुरानी पुलिस लाइन में घुस गया।

उन्होंने बताया कि विस्फोट के बाद हथियारबंद चरमपंथियों के साथ गोलीबारी हुई।

खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस प्रमुख के अनुसार, प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोट के बाद विशेष शाखा के पास खुद को उड़ा लिया।

सुत्र के मुताबिक गोलीबारी में एक चरमपंथी मारा गया। स्थानीय पुलिस के मुताबिक, विस्फोट शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1:15 बजे हुआ।

फिलहाल घटनास्थल पर बचाव कार्य के लिए 14 एंबुलेंस और 40 से अधिक कर्मियों को लगाया गया है।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कोहाट विस्फोट की निंदा की और इस घटना पर दुख जताया जिसमें बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं।

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, शाहबाज शरीफ ने घायलों के लिए तत्काल इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विस्फोट के कारण के बारे में रिपोर्ट मांगी है और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और प्रभावितों को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने का भी निर्देश दिया है।

गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने भी कोहाट विस्फोट की निंदा की और संपत्ति के नुकसान पर दुख जताया।

पेशावर पुलिस के मुताबिक, विस्फोट में 11 नागरिक और पांच पुलिस अधिकारी मारे गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *