स्वतंत्रता सेनानी त्रिवेणी प्रसाद बारी के आवास पहुँचे सत्येन्द्र बारी, दी श्रद्धांजलि, पौत्रवधू को किया सम्मानित

 

शीघ्र स्मृति द्वार बनवाने एवं आदमकद प्रतिमा स्थापित कराने की पहल, परिजनों को सरकारी सहायता दिलाने का दिया आश्वासन

महाराजगंज। उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सत्येन्द्र कुमार बारी ने महाराजगंज जनपद प्रवास के दौरान महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय त्रिवेणी प्रसाद बारी जी के पैतृक आवास पहुँचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी की पौत्रवधू को सम्मानित कर परिवार के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

सत्येन्द्र बारी ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिंद फौज में रहकर देश की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष करने वाले त्रिवेणी प्रसाद बारी जी का त्याग एवं बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

उन्होंने बताया कि महान स्वतंत्रता सेनानी की स्मृति में भव्य स्मृति द्वार के निर्माण एवं आदमकद प्रतिमा की स्थापना के लिए सरकार के स्तर पर पहल की जा रही है। उन्होंने इन कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने का प्रयास करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी के परिजनों की समस्याएँ सुनीं तथा पात्रता के अनुसार अन्य सरकारी सहायता एवं सुविधाएँ उपलब्ध कराने का हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

सत्येन्द्र बारी ने कहा, “जिन वीर सपूतों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उनके परिवारों का सम्मान करना हमारा नैतिक दायित्व है। त्रिवेणी प्रसाद बारी जी का इतिहास आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रभक्ति और बलिदान की प्रेरणा बने, यही हमारा संकल्प है।”

इस अवसर पर उनके जनपद प्रतिनिधि आदरणीय सुनील बारी जी, रमेश बारी जी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *