अवैध कब्जे की शिकायत पर गीडा प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, फैक्ट्री पर जड़ा ताला

10 सदस्यीय टीम ने पुलिस की मौजूदगी में की कार्रवाई, शिकायत के बाद हरकत में आया प्रशासन

सहजनवां/गोरखपुर। गीडा सेक्टर-15 स्थित एक औद्योगिक भूखंड पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत के बाद गीडा प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए फैक्ट्री परिसर पर ताला जड़ दिया। यह कार्रवाई गीडा प्रशासन की गठित 10 सदस्यीय टीम ने स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में की। आजमगढ़ निवासी उमेश विश्वकर्मा ने गीडा प्रशासन सहित मुख्यमंत्री, कमिश्नर, जिलाधिकारी और एसएसपी से शिकायत कर आरोप लगाया था कि वह गीडा सेक्टर-15 के भूखंड संख्या बी-18 के स्वामी हैं। उन्होंने उक्त भूखंड कुछ समय के लिए पटखौली (सहजनवां) निवासी शशिकला मौर्य, पत्नी राकेश मौर्य, को कार्य हेतु उपयोग करने के लिए दिया था, लेकिन बाद में राकेश मौर्य ने भूखंड पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर लिया।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि भूखंड खाली कराने के प्रयास के दौरान उन्हें लाइसेंसी असलहा दिखाकर धमकाया जाता था। मामले को गंभीरता से लेते हुए गीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने जांच एवं कार्रवाई के लिए 10 सदस्यीय टीम का गठन किया।
गीडा प्रशासन के लिखित आदेश के अनुपालन में गठित टीम ने स्थानीय पुलिस बल की मौजूदगी में फैक्ट्री परिसर को सील करते हुए ताला जड़ दिया। चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज ने भी प्रशासन को पत्र भेजकर औद्योगिक भूखंड से कथित अवैध कब्जा हटाने और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की थी।
कार्रवाई के दौरान गीडा के प्रबंधक (सिविल) विवेक कुमार वर्मा, सहायक प्रबंधक शैलेश सिंह, सत्य प्रकाश यादव, अमित कुमार सिंह, मनोज कुमार यादव, सिद्धू सहित स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहा।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *