बी एन एस से सम्बंधित एक अभियुक्त हुआ गिरफ्तार


गोरखपुर जनपद के थाना गीडा क्षेत्र में हत्या के प्रयास की एक गंभीर घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना गीडा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इस कार्रवाई से न केवल मामले के खुलासे में तेजी आई है, बल्कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर आम जनता का भरोसा भी मजबूत हुआ है।

यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक उत्तरी गोरखपुर राज करन नय्यर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। थाना गीडा पुलिस टीम ने मु0अ0सं0 710/25 से संबंधित अभियुक्त नितिन यादव पुत्र रामलौट यादव, निवासी कटघर, थाना खजनी, जनपद गोरखपुर को सफलतापूर्वक गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्त नितिन यादव के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 109, 352, 351(3) एवं 3(5) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा अभियुक्त से पूछताछ की जा रही है तथा उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार वादी की तहरीर पर यह मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर में बताया गया कि दिनांक 15 दिसंबर 2025 को पीड़ित अपने रास्ते से जा रहा था। इसी दौरान अभियुक्तों ने मोटरसाइकिल से ओवरटेक कर उसे जबरन रोक लिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से डंडे से हमला किया गया, जिससे पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना गीडा में तत्काल मुकदमा पंजीकृत किया गया। पुलिस ने मामले को प्राथमिकता देते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई और स्थानीय स्तर पर सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया।

लगातार दबिश और सटीक सूचना के आधार पर थाना गीडा पुलिस टीम ने मुख्य अभियुक्त नितिन यादव को गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस टीम की सक्रियता और समन्वय सराहनीय रहा। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पाण्डेय, उपनिरीक्षक नितिन श्रीवास्तव, कांस्टेबल सुधायक वर्मा तथा कांस्टेबल राजकुमार शामिल रहे।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *