खजनी में संदिग्ध परिस्थितियों में 17 वर्षीय लड़की की मौत

शव दाह की तैयारी में परिजन पुलिस ने पोस्टमार्टम में भेजा

खजनी/गोरखपुर।खजनी थाने के खुटभार गांव के निवासी संगम यादव की 17 वर्ष की बेटी सोनम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवारजनों ने आनन-फानन में चुपके से शव दाह की तैयारी कर ली और दोपहर में शव को लेकर गोरखपुर राप्ती नदी के तट पर स्थित कालेसर घाट पर पहुंच गए। इस बीच किसी अनजान व्यक्ति ने खजनी पुलिस को घटना की सूचना देते हुए लड़की की मौत संदेहात्मक परिस्थितियों में होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही गीडा थाना पिपरौली चौकी और खजनी थाने की पुलिस टीम शव दाह की तैयारी कर रहे परिवारजनों के पास कालेसर घाट पर पहुंच गई।
लड़की के परिवार के लोगों ने पहले बीमारी से मौत होने की बात कही फिर उसे गिरने के कारण दुर्घटना में हुई मौत बताया, मौत की स्पष्ट वजह की जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस का संदेह बढ़ गया। पुलिस के द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की बात पर परिजनों ने विरोध किया और शव को सड़क पर रखकर विरोध-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। जिसके बाद पुलिस टीम ने सख्ती दिखाते हुए शव को कब्जे में ले लिया और पंचायतनामे के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिले पर भेज दिया।
मौत की वजह पूछने पर परिवार के लोगों की चुप्पी बरकरार रही और कुछ भी स्पष्ट बताने से इंकार कर दिया। खुटभार गांव के ग्राम प्रधान अर्जुन जायसवाल ने बताया कि परिवार के लोगों ने लड़की की मौत की वजह उन्हें भी नहीं बताई है।
पड़ोस के लोगों ने बताया कि लड़की सोनम इंटरमीडिएट की छात्रा थी।
इस संबंध में थानाध्यक्ष खजनी इंस्पेक्टर जयन्त कुमार सिंह ने बताया कि लड़की के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *