परतावल-महराजगंज रोड से राज गैस गोदाम मार्ग गड्ढों में तब्दील

 

जर्जर सड़क और जलभराव से बढ़ा हादसों का खतरा, ग्रामीणों ने की शीघ्र मरम्मत की मांग

परतावल / महराजगंज

परतावल-महराजगंज मार्ग से राज गैस एजेंसी के गोदाम तक जाने वाली संपर्क सड़क पूरी तरह बदहाल हो गई है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और जलभराव के कारण राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बाद कीचड़ और पानी भर जाने से दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।
यह मार्ग क्षेत्र की प्रमुख संपर्क सड़कों में शामिल है। प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली बच्चे, किसान, बुजुर्ग और दो पहिया वाहन चालक इसी रास्ते से गुजरते हैं। सड़क की खराब हालत के चलते वाहन चालकों को गड्ढों और पानी से बचते हुए जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ रहा है। पैदल राहगीरों को भी कीचड़ से होकर गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पिछले कई महीनों से जर्जर पड़ी है। कई बार जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक मरम्मत नहीं कराई गई। बरसात में स्थिति और भी दयनीय हो गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि गड्ढों के कारण आए दिन बाइक सवार फिसलकर गिर रहे हैं। एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों को भी आवागमन में दिक्कत हो रही है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराकर जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *