पत्रकार सुरक्षा कानून समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर राष्ट्रीय पत्रकार संघ ने सौंपा ज्ञापन

महराजगंज। पत्रकारों को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में कानूनी मान्यता देने, पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत की ओर से सोमवार को जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में एसडीएम जितेंद्र कुमार को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीश सिंह चंदेल के निर्देश पर प्रदेशव्यापी कार्यक्रम के तहत संघ के पदाधिकारियों ने सुबह करीब 9:30 बजे महराजगंज पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पत्रकारों को खबरों के प्रकाशन के दौरान होने वाले दबाव, धमकी और उत्पीड़न से सुरक्षा देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
संघ ने मांग की कि संसद में कानून बनाकर मीडिया को लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में कानूनी मान्यता एवं संरक्षण दिया जाए। इसके साथ ही पत्रकार सुरक्षा गारंटी बिल को सदन के पटल पर लाकर पत्रकार सुरक्षा कानून-2026 पारित करने की मांग की गई।
ज्ञापन में पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा एक करोड़ रुपये तक का निःशुल्क जीवन बीमा लागू करने, कार्यरत पत्रकारों के लिए सरकार की ओर से मानदेय निर्धारित करने तथा पत्रकारिता के दौरान किसी पत्रकार की मृत्यु या दुर्घटना होने पर उसके परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
संघ ने बाराबंकी के वरिष्ठ पत्रकार दिनेश कुमार वर्मा को खबर प्रकाशित करने के बाद कथित रूप से मिली धमकी के मामले में पुलिस जांच शीघ्र पूरी कर निष्पक्ष कार्रवाई किए जाने की भी मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि पत्रकारों को धमकी देने अथवा उत्पीड़ित करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि पत्रकार बिना भय के अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
इस दौरान जिला प्रभारी व मंडल अध्यक्ष अनुज कुमार तिवारी, आदित्य प्रकाश पाण्डेय, शिवरत्न , जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र कुमार पाण्डेय, मार्कण्डेय दुबे, जिला उपाध्यक्ष जितेंदर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष कैलाश सिंह,पूर्व जिलाध्यक्ष पल्टू मिश्रा, विपिन सिंह, श्यामसुंदर, धेर्मेंद्र उर्फ़ पप्पू सिंह समेत राष्ट्रीय पत्रकार संघ भारत के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *