भारतीय मजदूर संघ ने मनाया “मांग दिवस, गोरखपुर में श्रमिकों का जोरदार प्रदर्शन

 

जायज मांगों के शीघ्र समाधान की मांग, जिलाधिकारी प्रतिनिधि व उप श्रम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

गोरखपुर। भारतीय मजदूर संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर सोमवार को भारतीय मजदूर संघ, गोरखपुर जिला इकाई की ओर से श्रमिकों की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं एवं मांगों को लेकर “मांग दिवस” मनाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रमिकों और विभिन्न संबद्ध संगठनों के पदाधिकारियों ने एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया तथा श्रमिक हितों से जुड़ी मांगों के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक अधिकारी संघ, पूर्वोत्तर रेलवे श्रमिक संघ, महावीर सिंटेक्स मिल श्रमिक संघ, बैंक ऑफ इंडिया ऑफिसर्स ऑर्गेनाइजेशन, संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ, को-ऑपरेटिव बैंक कर्मचारी संघ, बैंक ऑफ महाराष्ट्र वर्कर्स ऑर्गेनाइजेशन, उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ, भारतीय जीवन बीमा निगम सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ, दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी संघ सहित कई संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रमिक शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव रंजन त्रिपाठी ने कहा कि श्रमिकों की जायज एवं न्यायोचित मांगों का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार एवं संबंधित विभागों द्वारा मांगों पर सकारात्मक और न्यायोचित निर्णय नहीं लिया गया तो भारतीय मजदूर संघ आंदोलन को और व्यापक एवं तेज करने के लिए बाध्य होगा।
विभिन्न संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारियों बैजनाथ चौबे, संजय शाही, कामेश्वर दुबे, अशोक पांडेय, वीरेंद्र विक्रम सिंह, प्रेम नारायण गौड़, डी.के. राय एवं विजय सिंह ने भी श्रमिकों से जुड़े विभागीय एवं ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वक्ताओं ने कहा कि श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों को उचित मंच पर मजबूती से उठाने की आवश्यकता है।
महावीर सिंटेक्स मिल श्रमिक संघ के महामंत्री विजय सिंह ने मिल में कर्मचारियों के साथ हो रहे कथित अन्याय एवं शोषण से संबंधित समस्याओं को विस्तार से रखा और मामले में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
वहीं भारतीय मजदूर संघ, गोरखपुर के जिला मंत्री आदित्य प्रकाश कौशिक ने ज्ञापन में शामिल विभिन्न मांगों एवं श्रमिकों की समस्याओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का समाधान श्रमिकों को सम्मानजनक जीवन और उनके अधिकारों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
जिलाधिकारी प्रतिनिधि और उप श्रम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
कार्यक्रम के दौरान सभी संबद्ध संगठनों के पदाधिकारियों ने एकजुट होकर जिलाधिकारी, गोरखपुर के प्रतिनिधि एवं उप श्रम आयुक्त, गोरखपुर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांगों एवं समस्याओं को उचित माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार तक पहुंचाकर शीघ्र समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया।
कार्यक्रम के अंत में भारतीय मजदूर संघ, गोरखपुर के जिला अध्यक्ष बजरंगी दूबे ने कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होकर इसे सफल बनाने वाले सभी संगठनों के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और श्रमिक साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राधे कृष्ण तिवारी, बैकुंठ नाथ गुप्ता, भागवत श्रीवास्तव, योगेश पटेल, लक्ष्मी कांत शुक्ला, अनूप पटवा, कृष्ण कांत मिश्रा, अजीत शाही, प्रभाकर राय, रमेश सिंह, घनश्याम, सुरेंद्र कुमार सिंह, उमेश मौर्य, ओम प्रकाश आर्य, जय प्रकाश शाही, हरेंद्र सिंह एवं धनंजय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रमिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *