नाग पंचमी पर बदौली बाबू में दर्दनाक हादसा, पोखरे में डूबने से तीन बच्चों की मौत

बांसगांव/गोरखपुर। नाग पंचमी के पर्व पर बांसगांव तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा बदौली बाबू में उस समय खुशियां मातम में बदल गईं, जब पुतली पीटने की रस्म के दौरान पोखरे में स्नान कर रहे तीन बच्चे गहरे पानी में डूब गए। हादसे में तीनों बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान हरीश पुत्र राधेश्याम यादव (11), सचिन पुत्र भजुराम (14) और अनुज पुत्र सत्य प्रकाश (9) के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि नाग पंचमी के अवसर पर गांव के बच्चे पोखरे के पास पुतली पीटने की रस्म में शामिल थे। इसी दौरान कुछ बच्चे पोखरे में स्नान करने लगे। अचानक तीन बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों के डूबने की खबर मिलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विकास सिंह ने बच्चों को बचाने के लिए पोखरे में उतरकर काफी देर तक तलाश की। ग्रामीणों की मदद से तीनों बच्चों को बाहर निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे

हादसे की सूचना मिलते ही तहसील परिसर में मौजूद अधिकारी तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। तहसीलदार सुशील कुमार भारतीय, नायब तहसीलदार राकेश शुक्ला, सीईओ अनुज कुमार सिंह, कस्बा चौकी इंचार्ज विकास सिंह भदौरिया समेत पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली।

बांसगांव विधायक डॉ. विमलेश पासवान भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। एक साथ तीन बच्चों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

हरीश था परिवार का इकलौता बेटा

11 वर्षीय हरीश पुत्र राधेश्याम यादव परिवार का इकलौता बेटा था। परिजनों के अनुसार, काफी पूजा-पाठ और मन्नतों के बाद हरीश का जन्म हुआ था। उसकी एक बहन शालू है। हरीश के पिता राधेश्याम यादव दुबई में नौकरी करते हैं। परिवार के बड़े पिता शुभकरण यादव बीएसएफ में तैनात थे और शहीद हो चुके हैं, जबकि दूसरे भाई संगम यादव सेना में कार्यरत हैं। हरीश की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

सचिन छठवीं कक्षा का छात्र था

14 वर्षीय सचिन पुत्र भजुराम कक्षा छह का छात्र था। उसका बड़ा भाई सनी करीब 15 वर्ष का है और कक्षा आठ में पढ़ता है। सचिन के पिता सूरत में मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

नौ वर्षीय अनुज की भी गई जान

नौ वर्षीय अनुज पुत्र सत्य प्रकाश कक्षा तीन का छात्र था। उसका बड़ा भाई अनूप करीब 14 वर्ष का है और कक्षा आठ में पढ़ता है। अनुज के पिता गुजरात में पेंट-पॉलिश का काम करते हैं। बेटे की मौत से परिवार में चीख-पुकार मची हुई है।

नाग पंचमी के पर्व पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे बदौली बाबू गांव की खुशियों को मातम में बदल दिया। तीन मासूम बच्चों की मौत से गांव में हर आंख नम है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *