1.40 करोड़ के हाइड्रोपोनिक गांजे के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार

 

रामगढ़ताल क्षेत्र में अर्टिगा कार से हो रही थी मादक पदार्थ की तस्करी, 3.85 किलो गांजा, नकदी और मोबाइल बरामद

गोरखपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में रामगढ़ताल पुलिस, एएनटीएफ गोरखपुर और एटीएस गोरखपुर व वाराणसी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने हाइड्रोपोनिक गांजे की तस्करी करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3 किलो 85 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.40 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 30,390 रुपये नकद और तस्करी में प्रयुक्त अर्टिगा कार भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 18 अगस्त को एटीएस वाराणसी, एटीएस गोरखपुर, एएनटीएफ गोरखपुर जोन और थाना रामगढ़ताल पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग अर्टिगा कार से अवैध मादक पदार्थ हाइड्रोपोनिक गांजा लेकर रामगढ़ताल क्षेत्र में पहुंचने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त टीम ने क्षेत्र में निगरानी और चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान तारामंडल स्थित एलआईसी बिल्डिंग के पास पुलिस टीम ने संदिग्ध अर्टिगा कार संख्या GJ15AV8841 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 3 किलो 85 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 30,390 रुपये नकद भी मिले। कार में सवार पांचों आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज सिंह पुत्र प्रमोद सिंह निवासी करमाही, थाना कन्धई, तहसील पट्टी, जनपद प्रतापगढ़, प्रिंस पटेल पुत्र नरेश भाई निवासी ग्रीड रोड नौसारी, थाना नौसारी रूलर, जनपद नौसारी गुजरात, सत्यम सिंह पुत्र जितेन्द्र बहादुर सिंह निवासी करमाही, थाना कन्धई, तहसील पट्टी, जनपद प्रतापगढ़, रत्नम त्रिवेदी पुत्र दीपक भाई निवासी 403 सर्जन पैलेस, थाना कतरगा, जनपद सूरत गुजरात तथा भावीन पुत्र जयेष भाई निवासी डैमन चौक, थाना भावनगर, जनपद भावनगर गुजरात के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हाइड्रोपोनिक वीड यानी गांजे की तस्करी से जुड़े हुए थे। बरामद मादक पदार्थ की मात्रा 3 किलो 85 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.40 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अर्टिगा कार को भी कब्जे में ले लिया है। बरामद पांच मोबाइल फोन और नकदी को भी साक्ष्य के रूप में सुरक्षित किया गया है।
मामले में थाना रामगढ़ताल में मु0अ0सं0 415/2026 के तहत धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मादक पदार्थ की सप्लाई के स्रोत, इसे गोरखपुर तक पहुंचाने वाले नेटवर्क और संभावित खरीदारों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त कार्रवाई में एएनटीएफ गोरखपुर, एटीएस गोरखपुर, एटीएस वाराणसी और थाना रामगढ़ताल पुलिस की टीमें शामिल रहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *