भारत अवसरों से भरा देश, तेजी से बढ़ रहा आगे— स्कॉट जेस्टर
महराजगंज जनपद के पनियरा में ध्रुव नारायण पब्लिक स्कूल में बुधवार को ‘नमस्ते अमेरिका’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अमेरिका से आए उद्यमी एवं अतिथि वक्ताओं स्कॉट जेस्टर, कॉलेन जेस्टर, लॉरेन जेस्टर एवं विनीता जायसवाल ने विद्यालय के विद्यार्थियों से संवाद किया और अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें शिक्षा, मेहनत और भविष्य की संभावनाओं के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत पनियारा के चेयरमैन उमेश चंद जायसवाल रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रबंधक उषा मिश्रा ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उमेश चंद जायसवाल ने माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पार्पण कर किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने अमेरिका से आए अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
“भारत अवसरों से भरा देश है”
अमेरिका से आए उद्यमी स्कॉट जेस्टर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत अवसरों से भरा हुआ देश है और यह देश बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज पूरे विश्व की निगाहें भारत की ओर हैं। उन्होंने बताया कि वे स्वयं भारत में अपना व्यवसाय स्थापित करने के उद्देश्य से आए हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अच्छी शिक्षा और कड़ी मेहनत के माध्यम से वे अपने देश में ही बहुत कुछ बड़ा कर सकते हैं। उन्होंने बच्चों से अपने सपनों को बड़ा रखने और भविष्य के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
महराजगंज की मिट्टी से अमेरिका तक का सफर
अतिथि वक्ता विनीता जायसवाल ने अपने जीवन की प्रेरक यात्रा विद्यार्थियों के साथ साझा की। उन्होंने बताया कि महराजगंज की मिट्टी से निकलकर उन्होंने अमेरिका में अपना व्यवसाय स्थापित किया।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता को देते हुए कहा कि उनके पिता ने उन्हें अच्छी शिक्षा दिलाई और कभी भी बेटे और बेटी में भेदभाव नहीं किया। परिवार से मिले समान अवसर और शिक्षा ने उन्हें आगे बढ़ने का आत्मविश्वास दिया।
उन्होंने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को बालिका शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि बेटियों को शिक्षा और समान अवसर देकर उन्हें भी अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
मुख्य अतिथि ने विद्यालय के प्रयासों को सराहा
मुख्य अतिथि उमेश चंद जायसवाल ने कहा कि ध्रुव नारायण पब्लिक स्कूल निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर बाहरी दुनिया के व्यावहारिक अनुभव और नए दृष्टिकोण से जोड़ने का प्रयास सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर हो रहे बदलावों को समझने और नए अनुभव प्राप्त करने का अवसर प्रदान करते हैं।
“भारत में अवसरों की कमी नहीं”
विद्यालय के निदेशक जीवेश मिश्रा ने अमेरिका से आए सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से कहा कि यदि कोई व्यक्ति अमेरिका से भारत में अपना व्यवसाय स्थापित करने के लिए आ रहा है, तो यह भारत में मौजूद अवसरों और संभावनाओं को समझने का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है।
उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान करते हुए कहा कि कड़ी मेहनत, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नए विचारों के साथ हमें आने वाले भविष्य में अपने देश के अंदर नए कीर्तिमान स्थापित करने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने अभिभावकों से बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने का आग्रह करते हुए कहा—
“बेटा एक घर को रोशन करता है, तो बेटी दो-दो घरों को रोशन करती है। इसलिए बेटियों को अवश्य पढ़ाएँ और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर दें।”
विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुण राव ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा विद्यालय परिवार की ओर से उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि उमेश चंद जायसवाल एवं अमेरिका से आए अतिथि वक्ताओं को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के कोऑर्डिनेटर विवेक पांडेय ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय के सह-निदेशक आशुतोष मिश्रा सहित शिक्षकगण सूरज, राम प्रताप, सतेंद्र, सौम्या, तृप्ति, प्रियंका, वंदना, चंदा, सकीना, अंजनी, नीतू एवं निशा तथा डॉ. चन्द्रशेखर और रजनीश पांडेय सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
‘नमस्ते अमेरिका’ विद्यार्थियों को वैश्विक अनुभव, नए विचारों, उद्यमिता और व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने की दिशा में विद्यालय की एक सार्थक पहल रहा। कार्यक्रम ने “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना को भी साकार किया और भारत-अमेरिका के बीच शिक्षा एवं अनुभवों के आदान-प्रदान का एक सुंदर अवसर प्रदान किया।

Yogendra Pandey is a dedicated journalist and the key author at Crime News National, a platform committed to delivering accurate, timely, and unbiased crime-related news from across India. With a strong passion for investigative reporting, he focuses on presenting facts responsibly and raising awareness about issues that impact public safety and justice.
Over the years, Yogendra has built a reputation for his clear reporting style, ethical journalism, and commitment to truth. His work highlights real incidents, law-and-order developments, and important updates involving crime, policing, and public awareness.
At Crime News National, he aims to provide readers with trustworthy information supported by verified sources, ensuring transparency and credibility in every story he reports.
Yogendra believes that informed citizens build a safer society, and through his writing, he strives to bring awareness, promote justice, and give a voice to real issues from the ground.
