पांच साल से अलग रह रही पत्नी को पति ने उतारा मौत के घाट

 

रायबरेली: बछरावां थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में बुधवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। तड़के करीब पांच साल से अलग रह रहे पति ने शौच से लौट रही अपनी पत्नी की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। महज 12 घंटे के भीतर क्षेत्र में हुई इस दूसरी हत्या से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतका विद्यावती पिछले पांच वर्षों से अपने घर में अकेले रह रही थीं, जबकि उनका पति रामनाथ गांव के पास ही एक बाग में घास-फूस की झोपड़ी बनाकर अलग रहता था। बुधवार सुबह करीब सात बजे जब विद्यावती शौच से लौट रही थीं, तभी रामनाथ ने रास्ते में उन्हें रोक लिया। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आक्रोशित रामनाथ ने लाठी से विद्यावती पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटें लगने के कारण वह मौके पर ही लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ीं।

चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े। खून से लथपथ विद्यावती को आनन-फानन में एंबुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।​घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति रामनाथ को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से गांव में शोक और भय का माहौल है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *