पीएचसी श्यामदेउरवा में लापरवाही उजागर, रात 7:34 बजे अस्पताल के बाहर रखा मिला वैक्सीन बॉक्स

परतावल/महराजगंज। एक ओर जहां स्वास्थ्य विभाग द्वारा पोलियो उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता एवं टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) श्यामदेउरवा में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। गुरुवार रात लगभग 7:34 बजे अस्पताल के बाहर वैक्सीन बॉक्स रखा हुआ पाया गया, जिससे वैक्सीन की सुरक्षा एवं रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मौके पर मौजूद नाइट ड्यूटी में तैनात नर्सिंग स्टाफ से जब इस संबंध में जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि, “वैक्सीन बॉक्स बाहर ही रखा रहता है। जिसे आवश्यकता होती है, वह आकर इसे ले जाता है।” स्वास्थ्य विभाग की ओर से वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण एवं निर्धारित तापमान पर रखरखाव के स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। ऐसे में अस्पताल परिसर के बाहर वैक्सीन बॉक्स का रखा जाना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। मामले की जानकारी जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल के अधीक्षक डॉ. अमित कुमार को दी गई, तो उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। अब देखना यह होगा कि संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *