बांग्लादेश सीमा के पास पकड़ा गया पाकिस्तानी राणा रऊफ, 14 साल से कर रहा था भारत में जासूसी

 

उप सम्पादक जीत बहादुर चौधरी की रिपोर्ट
13/08/2026

काठमाण्डौ,नेपाल – पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने भारत-बांग्लादेश सीमा के पास से एक पाकिस्तानी नागरिक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

एसटीएफ अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि पाकिस्तान के फैसलाबाद निवासी राणा रऊफ उर्फ ​​वहाब आलम को मंगलवार देर रात उत्तर 24 परगना जिले के हाबरा में पकड़ा गया।

इंटेलिजेंस को शक है कि रऊफ के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंध हैं।

रऊफ का भारतीय कनेक्शन मोहम्मद इजाज को भी एसटीएफ ने कोलकाता के टोपसिया से गिरफ्तार किया था।
इजाज ने ही रऊफ को भारतीय आईडी कार्ड दिलाने में मदद की थी।

एसटीएफ के मुताबिक, रऊफ 2012 में नेपाल के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था, तब वह काफी समय तक पश्चिम बंगाल में छिपा रहा था।

उसके पास से आधार कार्ड समेत कई भारतीय पहचान पत्र बरामद हुए, जिन पर टोपसिया का पता था।

जांच एजेंसियों का कहना है कि राणा रऊफ भारत में विभिन्न ट्रेनों और सशस्त्र बलों की गतिविधियों पर नजर रख रहा था।

उन्होंने कोलकाता के फोर्ट विलियम समेत कई संवेदनशील जगहों की भी जासूसी की।

आईएसआई ने उसे तस्वीरें, वीडियो और नक्शे इकट्ठा करने का काम सौंपा था।
अब राणा पेट्रापोल सीमा से बांग्लादेश जा रहा था।

इंटेलिजेंस ने जानकारी दी कि जब एसटीएफ राणा रऊफ को गिरफ्तार करने पहुंची तो उसने अपना मोबाइल फोन नष्ट कर दिया।

हालांकि, उसके बैग से मिली नोटबुक में कई फोन नंबर मिले। कुछ नंबर बांग्लादेश, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका के हैं।

उसके पास से बरामद सिम कार्ड की जांच की जा रही है। आपको बता दें कि हमीम मंडल और उसकी प्रेमिका को पश्चिम बंगाल एसटीएफ ने जुलाई में पूर्वी बर्धमान से पकड़ा था।

हमीम मंडल से पूछताछ में राणा रऊफ के बारे में जानकारी मिली. ये सभी जासूस आईएसआई और पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े नेटवर्क के नियमित संपर्क में थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *