खजनी में पुलिस मुठभेड़: 15 हजार का इनामी बदमाश जितेंद्र पासवान उर्फ लादेन गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

 

खजनी/गोरखपुर। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खजनी पुलिस और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त जितेंद्र पासवान उर्फ लादेन को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। घायल अभियुक्त को तत्काल पुलिस अभिरक्षा में पीएचसी बांसगांव भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, जितेंद्र पासवान थाना खजनी में दर्ज मु0अ0सं0 363/2025, धारा 308(5) बीएनएस में वांछित चल रहा था। बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि वह बाघागाड़ा की तरफ से जरलही पुल होते हुए उनवल की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर खजनी पुलिस और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम ने जरलही पुल के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान मोटरसाइकिल से पहुंचे संदिग्ध ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस टीम ने जब उसे आत्मसमर्पण के लिए ललकारा तो उसने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके बाएं पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
तमंचा, कारतूस और दोपहिया वाहन बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक दोपहिया वाहन बरामद किया है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना खजनी में मु0अ0सं0 266/2026, धारा 109(1), 317(2) बीएनएस तथा 3/25/27 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
कई मुकदमों में दर्ज है नाम
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार जितेंद्र पासवान उर्फ लादेन के खिलाफ गोरखपुर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, बरामदगी, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में वर्ष 2015 से 2026 तक उसके खिलाफ कई मामले दर्ज बताए गए हैं। इनमें चिलुआताल, कैंट, गोरखनाथ, शाहपुर, कोतवाली, बेलीपार, सहजनवां, बांसगांव और खजनी थानों के मुकदमे शामिल हैं।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक खजनी जयन्त कुमार सिंह, एंटी थेफ्ट सेल प्रभारी सुनील कुमार राय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक बिपिन सिंह, उनवल चौकी प्रभारी अविनाश कुमार सिंह, महुआडाबर चौकी प्रभारी आशीष यादव समेत खजनी थाना, एसओजी और एंटी थेफ्ट सेल के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *