नेपाली दूतावास पहुंचकर भारत के रक्षा मंत्री ने कहा- हम सुख-दुख के साथी, बचाव में करते हैं मदद.

उप सम्पादक जीत बहादुर चौधरी की रिपोर्ट
31/08/2026

काठमाण्डौ,नेपाल – भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह नई दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास पहुंचे और नेपाल में हाल ही में आई विनाशकारी बाढ़ से हुए जान-माल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया।

दूतावास में रखी गई शोक पुस्तिका पर हस्ताक्षर करते हुए रक्षा मंत्री सिंह ने भारत सरकार और लोगों की ओर से नेपाल सरकार और पूरे नेपाली लोगों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की।

उन्होंने 26 अगस्त को आई बाढ़ के कारण जान गंवाने वाले लोगों के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त करते हुए कहा कि इस अकल्पनीय प्राकृतिक आपदा ने नेपाली नागरिकों के साथ-साथ भारतीयों और अन्य विदेशी नागरिकों को भी प्रभावित किया है।

उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल नेटवर्क एक्स के जरिए जानकारी देते हुए लिखा, ‘हमारी प्रार्थनाएं और संवेदनाएं इस आपदा में अपनी जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के साथ हैं।’ साथ ही हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’

रक्षा मंत्री सिंह ने नेपाल और भारत के बीच गहरे संबंधों को याद करते हुए कहा कि भारत हमेशा नेपाल का ‘सुख-दुख का साथी’ रहा है।

उन्होंने कहा, ”एक करीबी दोस्त और साझेदार के रूप में, भारत हमेशा नेपाल के साथ खड़ा रहा है।”

उन्होंने कहा, ”इस कठिन समय में भी, हम अपने नेपाली भाइयों और बहनों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और नेपाल के खोज, बचाव और पुनर्वास प्रयासों का समर्थन करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *