थानों का भ्रमण कर छात्राओं ने जानी पुलिस की कार्यप्रणाली, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

 

गोरखपुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अपराध एवं नोडल मिशन शक्ति, गोरखपुर के मार्गदर्शन में जनपद के विभिन्न थानों में छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। गीडा, एम्स, गुलरिहा, गोरखनाथ, बेलघाट, खजनी, कैंट और चौरी-चौरा सहित विभिन्न थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने विद्यालयों की छात्राओं को थाना परिसर का भ्रमण कराया।
इस दौरान छात्राओं को मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, जनसुनवाई केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कक्ष, कंप्यूटर कक्ष, प्रभारी निरीक्षक कक्ष एवं अन्य कार्यालयों की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। पुलिस टीमों ने छात्राओं को महिला संबंधी अपराधों से बचाव, साइबर अपराध से सुरक्षा तथा महिलाओं के कानूनी अधिकारों और उपलब्ध सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
छात्राओं को आपात स्थिति में सहायता के लिए वीमेन पावर हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 181, एंबुलेंस 108, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि छेड़छाड़, उत्पीड़न, साइबर अपराध या किसी अन्य अप्रिय घटना की स्थिति में भय अथवा संकोच न करें और तत्काल पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन से सहायता लें। अभियान का उद्देश्य छात्राओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें पुलिस की सहायता प्रणाली से सीधे जोड़ना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *