यातायात नियमों के उल्लंघन पर महराजगंज पुलिस की सख्ती, जनपदभर में चला सघन चेकिंग अभियान

 

 

नियम विरुद्ध ब्लैक फिल्म/टिंटेड ग्लास लगे 84 वाहनों के चालान, 03 वाहन सीज

 

महराजगंज जनपद में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी (IPS) के निर्देशन में जनपद में अपराध नियंत्रण, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित बनाए रखने के दृष्टिगत ब्लैक फिल्म/टिंटेड ग्लास एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध जनपदव्यापी सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान समस्त क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं यातायात पुलिस द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग की गई। विशेष रूप से चार पहिया वाहनों के शीशों पर लगी नियम विरुद्ध काली फिल्म, अत्यधिक गहरी टिंटेड फिल्म, अपारदर्शी परत अथवा ऐसी अतिरिक्त फिल्म/सामग्री, जिससे वाहन के अंदर की दृश्यता प्रभावित होती है, की जांच की गई।

अभियान के दौरान नियम विरुद्ध काली फिल्म एवं टिंटेड ग्लास लगे कुल 84 वाहनों के चालान किए गए तथा 03 वाहनों को सीज किया गया। साथ ही नियम विरुद्ध लगी काली फिल्म एवं टिंटेड ग्लास को हटवाते हुए संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की गई।

महराजगंज पुलिस द्वारा वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि वाहनों के शीशों पर ऐसी काली, अत्यधिक गहरी अथवा अपारदर्शी फिल्म/परत का प्रयोग न करें, जिससे चालक की दृश्यता प्रभावित हो अथवा वाहन के अंदर की स्थिति स्पष्ट रूप से दिखाई देने में बाधा उत्पन्न हो। नियम विरुद्ध ब्लैक फिल्म अथवा टिंटेड ग्लास पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा, सुरक्षित ड्राइविंग एवं यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया गया। महराजगंज पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने तथा नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए चेकिंग एवं प्रवर्तन कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *