हुनर से आत्मनिर्भरता की राह! फल संरक्षण केंद्र में बेकरी और पाक कला का प्रशिक्षण शुरू


महराजगंज, 02 नवंबर। बेरोजगारी के बीच युवाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राजकीय फल संरक्षण केंद्र महराजगंज ने एक नई पहल की है। ग्राम स्वरोजगार योजना के अंतर्गत सोमवार को केंद्र परिसर में एक माह के बेकरी एवं पाक कला (कुकरी) प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व कनिष्ठ उप ब्लॉक प्रमुख रफीउल्लाह ने किया।
02 नवंबर से 01 दिसंबर 2026 तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 30 प्रशिक्षणार्थियों को बेकरी एवं पाक कला से जुड़ी व्यावहारिक जानकारी और तकनीकी हुनर सिखाया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें खुद का व्यवसाय शुरू करने के लिए सक्षम बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को बैग, पेन, पैड सहित अन्य आवश्यक प्रशिक्षण सामग्री वितरित की गई। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को हुनरमंद बनाने और स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर गंगा प्रसाद, मिठाईलाल, शिवानंद, खालिद सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन केंद्र प्रभारी राजकिशोर सिंह के निर्देशन में किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *