सीबीएसई 12वीं के परीक्षा परिणामों में सरस्वती शिशु मंदिर राप्तीनगर का दबदबा, अंशिका मौर्य ने किया टॉप

 

 

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणामों में सरस्वती शिशु मंदिर (10+2) रेल विहार, राप्तीनगर, गोरखपुर के मेधावियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। घोषित परिणामों में न केवल बहनों ने बाजी मारी है, बल्कि विभिन्न संकायों में उच्च अंक प्राप्त कर अपनी मेधा सिद्ध की है।

मेधावियों ने लहराया सफलता का परचम
विद्यालय द्वारा जारी सूचना के अनुसार, गणित (Maths) संकाय की छात्रा बहन अंशिका मौर्य ने 91% अंक प्राप्त कर विद्यालय की गौरव सूची में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं, जीव विज्ञान (Bio) संकाय की बहन अदिति वर्मा ने 90% अंक अर्जित कर द्वितीय स्थान और वाणिज्य (Commerce) संकाय की बहन माही श्रीवास्तव ने भी 90% अंक हासिल कर संयुक्त रूप से विद्यालय में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों में अपना नाम दर्ज कराया।

सफलता की यह कड़ी यहीं नहीं रुकी, अन्य मेधावियों में भैया अभय प्रताप सिंह ने 88.6%, बहन भाव्या ने 84%, बहन दर्शना पांडेय ने 81%, बहन मानसी त्रिपाठी ने 81% और भैया अंशुमान आर्य ने 80% अंक प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय दिया। कुल मिलाकर विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जो यहाँ की उच्च कोटि की शिक्षा व्यवस्था को दर्शाता है।

विद्यार्थियों की इस अभूतपूर्व सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए प्रधानाचार्य श्री विनोद सिंह राठौर जी ने कहा, “यह परिणाम भैया-बहनों के अनवरत परिश्रम, उनके अनुशासन और गुरुजनों के सही मार्गदर्शन का सुखद परिणाम है। उन्होंने भैया बहनों में भाव भरते हुए कहा कि- लक्ष्य ना ओझल होने पाये , कदम मिलाकर चल । मंजिल तेरे पग चूमेगी आज नहीं तो कल।। सरस्वती शिशु मंदिर में हम केवल पुस्तकीय ज्ञान नहीं, बल्कि एकाग्रता और समय प्रबंधन के संस्कार देते हैं, जो बोर्ड परीक्षाओं में निर्णायक सिद्ध होते हैं। अंशिका, अदिति और माही सहित सभी सफल छात्र हमारे विद्यालय की अमूल्य निधि हैं।”

विद्यालय की उप प्रधानाचार्या श्रीमती रुकमणि उपाध्याय जी ने मेधावियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि आज की इस सफलता में छात्राओं का वर्चस्व विशेष रूप से गर्व का विषय है। उन्होंने अपने विचारों में कहा, “एक विद्यार्थी के लिए परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता। विशेष रूप से बहनों का टॉप करना यह दर्शाता है कि वे अपनी ऊर्जा और संकल्प शक्ति से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकती हैं। मुझे विश्वास है कि यहाँ से प्राप्त संस्कार और शिक्षा इन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव बनेंगे।”

खुशी का माहौल
परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन और आचार्यों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। प्रधानाचार्य जी ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास व्यक्त किया कि ये युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण में अपनी अग्रणी भूमिका निभाएगी।
इस अवसर पर कक्षा द्वादश के प्रभारी राम पुजारी चतुर्वेदी, विचित्र कुमार, सत्यम शह, श्रीमती क्षमा त्रिपाठी, मनीष प्रजापति, प्रियंका सिंह, मनीष राम त्रिपाठी, श्रीमती दीपिका मिश्रा उपस्थित रहे।
इस आशय की सूचना विद्यालय के मीडिया प्रभारी प्रेम सागर त्रिपाठी ने दिया।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *