घर के बाहर सो रही महिला की सिर पर वार कर हत्या गांव में मची सनसनी

परतावल/महराजगंज

श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कुड़वा उर्फ मुरकटिया टोला लंगड़ी गांव में गुरुवार देर रात एक महिला की हत्या से सनसनी फैल गई। घर के बाहर सो रही 40 वर्षीय महिला के सिर पर अज्ञात हमलावरों ने वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान रूखमणी पत्नी शिव नारायण के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह परिजनों ने जब रूखमणी को खून से लथपथ देखा तो गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर श्यामदेउरवा पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रात में हुई थी कहासुनी
परिजनों ने बताया कि रूखमणी गुरुवार रात खाना खाने के बाद रोज की तरह घर के बाहर सो गई थीं। सुबह सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले। आशंका है कि किसी कठोर वस्तु, संभवतः मच्छरदानी के डंडे से हमला किया गया है।
परिवार का कहना है कि रूखमणी की किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। लेकिन गुरुवार रात गांव में कुछ लोग शराब के नशे में थे और उन्हीं में से कुछ लोगों से महिला की कहासुनी हुई थी। इसी आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
अधिकारी पहुंचे मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और सदर सीओ अंकुर गौतम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार और वारदात की वजह तलाश रही है।

ग्रामीणों के अनुसार रूखमणी मजदूरी करके परिवार चलाती थीं। उनके पति शिव नारायण मंदबुद्धि हैं। परिवार में चार बच्चे गुलशन 17, आरती 14, रागनी 13 और गुलजार 10 वर्ष हैं। मां की मौत के बाद चारों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।
प्रभारी निरीक्षक अक्षय कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने घटना के शीघ्र खुलासे का दावा किया है।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *