पत्नी की हत्या के 6 दिन बाद पति की भी संदिग्ध मौत, गांव में सनसनी, पोस्टमार्टम पर हुआ हंगामा

 

परतावल /महराजगंज

महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कुड़वा उर्फ मुरकटिया टोला लंगड़ी गांव में गुरुवार को एक और मौत से सनसनी फैल गई। 45 वर्षीय शिव नारायण पुत्र रामअवध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। चौंकाने वाली बात यह है कि 6 दिन पहले ही उनकी पत्नी की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले की जांच अभी चल ही रही थी कि अब पति की मौत ने पूरे प्रकरण को और रहस्यमय बना दिया है।

परिजनों के अनुसार शिव नारायण मानसिक रूप से मंदबुद्धि थे। उनकी मां रंजना देवी ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाते समय परिजनों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते गांव की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। परिजनों का कहना था कि वे पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते, जबकि पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया का हवाला देते हुए शव को भेजने की बात कही।
आरोप है कि विरोध के दौरान वीडियो बना रहे कुछ लोगों के मोबाइल फोन पुलिसकर्मियों ने अपने कब्जे में ले लिए।
सूचना पर क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम भी गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर समझाया, जिसके बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी।
गौरतलब है कि 24 जुलाई की भोर में शिव नारायण की पत्नी की सिर कुचलकर हत्या कर दी गई थी। उस हत्याकांड का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। अब पति की संदिग्ध मौत के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। लोग दोनों घटनाओं को जोड़कर देख रहे हैं।
श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *