शिक्षक अधिकार यात्रा का गोरखपुर में जोरदार स्वागत, सेवा नियमावली की मांग ने पकड़ा जोर

 

कैशलेस चिकित्सा सुविधा के लिए सरकार की सराहना,

मानदेय और शिक्षक हितों को लेकर संघर्ष जारी रखने का ऐलान

गोरखपुर। वित्तविहीन शिक्षक महासभा की शिक्षक अधिकार यात्रा के गोरखपुर पहुंचने पर शिक्षकों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने जगह-जगह जोरदार स्वागत किया। सरदार वल्लभभाई पटेल इंटर कॉलेज के गेट पर प्रधान महासचिव जियारत हुसैन, संरक्षक चंद्रभूषण मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्ण मोहन यादव एवं लाल बहादुर यादव का जिला अध्यक्ष डॉ. रवि प्रकाश यादव, महानगर अध्यक्ष डॉ. अनीता चौरसिया, जिला प्रभारी विनोद पांडेय और संगठन मंत्री डॉ. गजेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में स्वागत किया गया।
इस दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और प्रधानाचार्य अजय पांडेय से शिष्टाचार मुलाकात की गई। यात्रा बरगदही चौराहे पहुंची, जहां शिक्षकों ने पदाधिकारियों का स्वागत किया। महिला शिक्षिकाओं ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद यात्रा में शामिल शिक्षकों ने प्राचीन भोलेनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की।
शिक्षक अधिकार यात्रा का मुख्य कार्यक्रम सरस्वती इंटरमीडिएट कॉलेज, नाहरपुर के सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों का स्वागत किया गया।
प्रदेश संरक्षक चंद्रभूषण मिश्रा ने वित्तविहीन शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराए जाने को सरकार का महत्वपूर्ण एवं सराहनीय कदम बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षक हितों से जुड़े अन्य मुद्दों के समाधान के लिए भी संगठन के प्रयास जारी हैं। उन्होंने शिक्षकों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने की अपील की।
प्रधान महासचिव जियारत हुसैन ने कहा कि वित्तविहीन शिक्षक अपने अधिकार और सम्मान के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं। कैशलेस चिकित्सा सुविधा से शिक्षकों को राहत मिली है, लेकिन अभी सम्मानजनक मानदेय और सेवा नियमावली जैसी महत्वपूर्ण मांगें लंबित हैं। उन्होंने कहा कि बलिया से शुरू हुई शिक्षक अधिकार यात्रा प्रदेश के विभिन्न जिलों में पहुंचेगी और शिक्षकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करेगी।
प्रदेश महासचिव देशबंधु शुक्ला ने कहा कि सेवा नियमावली को लेकर संगठन शासन स्तर पर करीब 11 बैठकों में अपने सुझाव प्रस्तुत कर चुका है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने शिक्षकों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को लाल बहादुर यादव, कृष्ण मोहन यादव, विनोद पांडेय, डॉ. गजेंद्र मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारियों ने संबोधित किया। कार्यक्रम के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी गोरखपुर एवं मुख्यमंत्री कार्यालय में पत्रक सौंपकर वित्तविहीन शिक्षकों की मांगों के समाधान की मांग की।

4
3
1
5
6
7
2

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *