वन स्टॉप सेंटर से फरार किशोरी सकुशल बरामद, प्रकरण में थाना कोतवाली पर मुकदमा पंजीकृत

महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी (IPS) के निर्देशन में जनपद में महिला एवं बाल सुरक्षा के दृष्टिगत थाना बृजमनगंज पुलिस एवं वन स्टॉप सेंटर, महराजगंज की टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए वन स्टॉप सेंटर से फरार हुई 17 वर्षीय किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया।

वन स्टॉप सेंटर से किशोरी के फरार होने के प्रकरण में थाना कोतवाली, महराजगंज पर किशोरी के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया है। साथ ही प्रकरण में ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने पर दो महिला पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि थाना बृजमनगंज क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति द्वारा अपनी 17 वर्षीय पुत्री के घर से लापता होने के संबंध में दिनांक 13.07.2026 को थाना बृजमनगंज पर तहरीर दी गई थी। तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0-174/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर किशोरी की तलाश की जा रही थी। विवेचना के क्रम में किशोरी को दिनांक 14.08.2026 को जनपद सिद्धार्थनगर के बांसी बस स्टैंड से बरामद किया गया था। आवश्यक चिकित्सीय एवं विधिक कार्रवाई के उपरांत किशोरी को नियमानुसार वन स्टॉप सेंटर, महराजगंज में दाखिल कराया गया था।

दिनांक 15.08.2026 को किशोरी नित्य क्रिया करने के बहाने चकमा देकर वन स्टॉप सेंटर से फरार हो गई। सूचना प्राप्त होते ही थाना बृजमनगंज पुलिस एवं वन स्टॉप सेंटर की टीम द्वारा तत्काल तलाश शुरू की गई। दोनों टीमों के समन्वित प्रयास से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया गया।

प्रकरण में थाना कोतवाली पर किशोरी के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एक महिला हेड कांस्टेबल व एक कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *